वन विभाग की टीम पर हमला, अधिकारी घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अतिक्रमण हटाने पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों पर अतिक्रमणकारियों ने हमला बोल दिया। इसमें लोगों ने वन कर्मियों पर पत्थरबाजी की। वन विभाग के अधिकारी संजीव कुमार पर हमलावरों ने रॉड से हमला कर घायल कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमला करने वाले दो लोगों को हिरासत में लेते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
संजीव कुमार पर दोनों ने लोहे की रॉड से हमला किया। इसमें वह बुरी तरह से घायल हो गए। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दस दुकानों को गिराया। जम्मू डिविजन के फारेस्टर वीएस सेंथिल ने बताया कि दोमेल के पास वन भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। इसको हटाने के लिए विभाग के 30 कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची।
अभी जेसीबी की मदद से काम शुरू किया गया था कि लोगों ने हमला बोल दिया। इसमें वन विभाग के अधिकारी संजीव कुमार को गंभीर चोट आई। उन्हें मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक महीने पहले दिया था नोटिस
वहीं झज्झर कोटली के एसएचओ ने बताया कि संजीव कुमार पर हमला करने के आरोप में यूनुस और हाशिम दीन को हिरासत में लिया गया है, जिनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि उक्त भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर एक महीना पहले ही लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया था।
राजस्व विभाग की ओर से बाकायदा निशानदेही की गई थी, लेकिन बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाया गया। विभाग जब इस अतिक्रमण को हटाने पहुंचा तो लोगों ने हमला बोल दिया। वहीं टीम ने सारा सामान जब्त कर लिया है। उल्लेखनीय है कि वन विभाग ने नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया को भूमि सड़क चौड़ीकरण को लेकर दी हुई है।
इसका लाभ उठाकर सड़क के किनारे कई लोगों ने लोहे की टीन डालकर अतिक्रमण कर रखा है। सेंथिल ने कहा कि पुलिस किसी कीमत पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं करेगी।