कड़ी सुरक्षा के बीच श्री अमरनाथ यात्रा कल से
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कड़ी सुरक्षा के बीच श्री अमरनाथ यात्रा वीरवार से आरंभ होगी। 59 दिनों तक चलने वाली यात्रा का पहला पूजन वीरवार को श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन एनएन वोहरा करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के भी शामिल होने की संभावना है, जो बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। पिछले साल लगभग छह लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में बर्फानी बाबा के दर्शन किए थे। जम्मू आधार शिविर से वाहनों का पहला काफिला बुधवार को अर्द्धसैनिक बलों के एस्कार्ट में रवाना होगा। देशभर से श्रद्धालुओं का रियासत में पहुंचना शुरू हो गया है।
सुरक्षा व्यवस्था
श्री अमरनाथ यात्रा के लिए लखनपुर से लेकर पवित्र गुफा तक कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जेएंडके पुलिस की जहां 15 बटालियन सुरक्षा में तैनात रहेंगी। इसके अलावा पुलिस और सेना की सुरक्षा एजेंसियां तैनात रहेंगी। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को विशेष हिदायत दी गई है कि श्रद्धालुओं को रियासत में प्रवेश के बाद किसी तरह की दिक्कत न हो। यात्रा मार्ग के पहाड़ी इलाकों में माउंटेन रेसक्यू टीम तैनात की गई है, जो किसी भी आपदा में यात्रियों की मदद करेंगी।
यात्रा मार्ग
बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम और बालटाल ट्रैक से आगे बढ़ते हैं। पहलगाम ट्रैक से चंदनबाड़ी से लेकर पवित्र गुफा तक के पैदल रास्ते का सफर तीस किलोमीटर है। जिसे दो दिन और एक रात में तय किया जाता है, जबकि बालटाल ट्रैक से एक ही दिन में दर्शन करके लौटा जा सकता है।
कैसे करें यात्रा?
यदि आप देश के अन्य राज्यों से यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं तो जम्मू के भगवती नगर स्थित आधार शिविर में यात्रा से दो दिन पहले पहुंचे। यात्रा से एक दिन पहले तड़के आधार शिविर से बसों और अन्य निजी वाहनों का काफिल एस्कार्ट के बीच बालटाल और पहलगाम के लिए निकलता है।
चिकित्सा सुविधा
रियासत के प्रवेश द्वार लखनपुर से लेकर पवित्र गुफा तक चिकित्सा सुविधाओं का मुकम्मल इंतजाम किया गया है। यात्रा रूट पर हर दस किलोमीटर के अंतराल में मेडिकल एड सेंटर स्थापित किए गए। बेस कैंपों के अलावा अन्य स्थलों पर मोबाइल टीमें भी यात्रियों को चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाएंगी।
ऑन स्पॉट पंजीकरण
यात्रा में श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखकर इस बार ऑन स्पॉट पंजीकरण कांउटरों की संख्या बढ़ाई गई है। साधुओं के लिए पंजीकरण नि:शुल्क होगा और अन्य को 150 रुपये तक देने होंगे। पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड को पंजीकरण की जिम्मेदारी दी गई है। श्रीनगर के नोगाम टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर, जम्मू के राम मंदिर, गीता भवन, जम्मू हट, वैष्णवी धाम और सरस्वती धाम में ऑन स्पॉट पंजीकरण होगा। स्पॉट पंजीकरण की संख्या सीमित होती है। हवाई यात्रियों को पंजीकरण की जरूरत नहीं। उनकी हवाई टिकट ही पंजीकरण के लिए मान्य होगी, लेकिन उन्हें मेडिकल सर्टिफिकेट लाना होगा। बालटाल से हवाई टिकट 1950 रुपये (एकतरफा) और पहलगाम से 4190 रुपये (एकतरफा) की होगी।
श्रद्धालुओं करने वालों की संख्या
वर्ष ---- संख्या ---- यात्रा अवधि
2009 - 3.21 लाख - 60 दिन
2010 - 4.55 लाख - 55 दिन
2011 - 6.36 लाख - 45 दिन
2012 - 6.20 लाख - 39 दिन
2013 - 3.53 लाख - 55 दिन
2014 - 3.72 लाख - 44 दिन
2015 ------------------ 59 दिन