अमरनाथ यात्रा: 29 फरवरी से रजिस्ट्रेशन शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगामी दो जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के पंजीकरण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रा के लिए देशभर के 32 राज्यों/ केंद्रशासित राज्यों की पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और येस बैंक की 432 शाखाओं में बालटाल और चंदनबाड़ी रूट के लिए आगामी 29 फरवरी से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो रही है।
पंजीकरण के लिए कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट (सीएचसी) की औपचारिकता को पूरा करने के लिए जम्मू संभाग के विभिन्न अस्पतालों में 39 डाक्टरों को नियुक्त किया गया है। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. बलजीत सिंह पठानिया के अनुसार मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए मेडिकल बोर्ड को फाइनल कर दिया गया है।
गांधीनगर अस्पताल के अधीक्षक डा. यूनुस खान ने बताया कि मेडिकल बोर्ड को तैयार किया गया है। आगामी दिनों में मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने की उम्मीद है।
जम्मू से बनिहाल तक मिलेगा मेडिकल सर्टिफिकेट
इस बार 48 दिन तक चलने वाली यात्रा के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट को लखनपुर से बनिहाल रूट के अलावा मुगल रोड से यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए राजोरी और पुंछ जिले के चिकित्सा केंद्रों में भी डाक्टरों को नियुक्त किया गया।
मेडिकल बोर्ड में मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने के लिए जम्मू संभाग में गांधीनगर अस्पताल जम्मू में तीन, सरवाल अस्पताल जम्मू में दो, राजीव गांधी अस्पताल जम्मू में दो, जिला अस्पताल डोडा में दो, जिला अस्पताल कठुआ में चार, पीएचसी लखनपुर में तीन, एसडीएच हीरानगर में दो डॉक्टरों की तैनाती हुई है।
वहीं जिला अस्पताल किश्तवाड़ में दो, जिला अस्पताल पुंछ में दो, जिला अस्पताल राजोरी में दो, एसडीएच सुंदरबनी में एक, सीएचसी नौशेरा में एक, सीएचसी कालाकोट में एक, जिला अस्पताल रामबन में दो, सीएचसी बटोत में एक, सीएचसी बनिहाल में एक, जिला अस्पताल रियासी में दो, सीएचसी कटड़ा में एक, जिला अस्पताल सांबा में दो, ईएच विजयपुर में एक, जिला अस्पताल उधमपुर में दो डॉक्टर नियुक्त किए गए हैं। इसमें फिजिशियन के साथ मेडिकल अफसर तैनात होंगे।