आरएस पुरा। गांव कूल कलां से पंडोरिया तक आठ किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों ने विभाग पर घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने मंगलवार को संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कार्य बीच में ही बंद करा दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि विभाग द्वारा तारकोल बिछाने के कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस कारण सड़क बनने के साथ ही टूटती जा रही है। प्रदर्शनकारियों को नेतृत्व कर रहे सरपंच सुभाष सैनी, पंच रविंदर सिंह सिकंदर सिंह, गणेश सिंह, रमन कुमार व गुरदयाल सिंह ने कहा कि गत दिवस कूल कला से पंडोरिया तक सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन विभाग द्वारा सड़क के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस कारण सड़क का टूटना भी शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि 20 वर्ष से सड़क की हालत काफी खस्ता बनी हुई थी। अब सड़क का निर्माण शुरू होने पर लोगों में थी, लेकिन विभाग की तरफ से सड़क बनाने में जो सामग्री इस्तेमाल की जा रही है वह काफी घटिया है। सड़क कई स्थानों से उखड़ रही है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद भी विभाग की ओर से घटिया तारकोल बिछाया जा रहा है। जो उन्हें मंजूर नहीं। सरपंच ने कहा कि जब तक विभाग द्वारा सड़क का निर्माण बेहतर तरीके से नहीं कराया जाता, तब तक इस कार्य बंद ही रखा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विभाग द्वारा सड़क के निर्माण कार्य को सही तरीके से नहीं किया तो वह आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे, जिसके लिए संबंधित विभाग व प्रशासन जिम्मेदार होगा।