आरएस पुरा। केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में किसानों के लिए पेश किए गए तीन बिलों का ऑल जम्मू-कश्मीर किसान कांग्रेस सेल ने विरोध जताते हुए सोमवार को महात्मा गांधी पार्क में केंद्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व किसान कांग्रेस के प्रदेश चेयरमैन और पूर्व मंत्री चौधरी गारू राम ने किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में जो तीन बिल पेश किए हैं वह किसान विरोधी हैं। इस तरह के बिल पेश करके सरकार ने देश के किसानों के साथ अन्याय किया है। इसे कांग्रेस पार्टी सहन नहीं करेगी। अगर जल्द से जल्द इन बिलों को वापस नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी देशभर में आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह बिल पेश करके छोटे किसानों को दबाने का प्रयास किया है। इन बिलों का असर जम्मू-कश्मीर के किसानों पर भी पड़ेगा। प्रदर्शन में सेल के उपप्रधान प्रभु सिंह, जंग बहादुर, पृथ्वी सिंह बचन सिंह, काला राम सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।