परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल में सोमवार को शहीद स्मारक कमेटी ने कार्यक्रम का आयोजन कर अमर शहीद कैप्टन गंधर्व सिंह मन्हास को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने स्मारक पर पहुंचकर शहीद को श्रद्धांजलि दी।
गंधर्व आर्मी विद्यालय में हुए इस कार्यक्रम में 19 ब्रिगेड के डिप्टी कमांडर कर्नल नवीन शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस मौके पर सेना के अधिकारियों शहीद के परिजनों तथा स्थानीय लोगों ने शहीद के स्मारक पर फूल मालाएं अर्पित कर शहीद को याद किया। इस मौके पर सेवानिवृत्त कैप्टन गोपाल शर्मा ने शहीद की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि देश पर मर मिटने वाले देश की रक्षा के लिए हजारों साल से कुर्बानियां देते आ रहे हैं। इसकी मिसाल गंधर्व सिंह को देखकर मिलती है। उन्होंने कहा कि कैप्टन गंधर्व सिंह मन्हास बहादुर सैनिक थे। जिन्होंने 25 अक्टूबर 1947 को छोटी सी सैन्य टुकड़ी के साथ कबायलियां से लोहा लेते हुए शहादत पाई थी। इस मौके पर 17 सिख के सीओ कर्नल राकेश बरार, प्रिंसिपल नीतू गंडोत्रा, सरपंच राम सरूप शर्मा, मोहन सिंह, रजिन्द्र सिंह, रतन सिंह, रमेश खजूरिया, मगदेश सिंह, प्रीतम सिंह, बुआ दित्ता समेत मंदिर कमेटी के कई सदस्य उपस्थिति थे।