बॉर्डर पर 60-70 आतंकी अभी भी मौजूद: BSF आईजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर से लगती भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भले ही कुछ दिनों से शांति है, लेकिन अभी भी सीमा पार आतंकी ढांचा बरकरार है। सीमा सुरक्षा बल (जम्मू फ्रंटियर) के आईजी राकेश शर्मा ने कहा कि भले ही अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अमन है, लेकिन 60-70 आतंकी अभी भी वहां मौजूद होने के इनपुट उनके पास हैं।
इसके अलावा वहां 8-10 आतंकी प्रशिक्षण शिविर अभी भी सक्रिय है। उन्होंने कहा कि 9 से 12 सितंबर तक बीएसएफ और पाक रेंजरों की डीजी स्तर की बैठक के कुछ अच्छे परिणाम आए हैं, लेकिन सीमा पर बीएसएफ जवान उसी तरह सतर्क हैं, जैसा नौ सितंबर के पहले थे।
बीएसएफ सीमा पार की तमाम गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर रख रही है। पड़ोसी देश को हलके में नहीं लिया जा सकता है। आईजी शर्मा शहीद जवानों की याद में आयोजित समारोह में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। शर्मा ने स्वीकार किया कि उन्हें इनपुट मिले हैं कि सीमा पार लांचिंग पैड अभी भी बने हुए हैं।
सीजफायर उल्लंघन बंद होने के बावजूद सीमा पर निगरानी
डीजी स्तर की बैठक के बाद घुसपैठ के प्रयासों के संबंध में आईजी ने कहा कि सीमा के पास संदिग्धों की मूवमेंट का एक मामला सामने आया था। इस पर उन्होंने पाक रेंजरों के समक्ष कड़ा विरोध जताया था। सीमा के करीब हीरानगर क्षेत्र में संदिग्ध के छिपे होने और गुरमुखी सीखने की सूचना पर शर्मा ने कहा कि ऐसे इनपुट मिले हैं।
बीएसएफ और सहयोगी एजेंसियां लगातार इस पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सीजफायर उल्लंघन बंद होने के बावजूद सीमा पर निगरानी में किसी तरह की कमी नहीं की गई है। जवानों को 24 घंटे पूर्व की तरह सतर्क रहने के आदेश हैं।
उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हमले में महिला आतंकी के संलिप्त होने की आ रही चर्चाओं पर शर्मा ने कहा कि ऐसी बात सामने आई थी, जिसकी नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) जांच कर रही है, लेकिन ऐसी रिपोर्ट की अभी पूरी तरह से पुष्टि नहीं हुई है।
सर्दियों की आहट के बाद सीमा पर चौकसी में परिवर्तन पर आईजी ने कहा कि ठंड आते ही सीमा पर भारी बर्फबारी से सभी रास्ते बंद हो जाते हैं। ऐसे में बीएसएफ जवान सीमा के सुरक्षित स्थानों पर डट जाते हैं।
उन्होंने कहा कि इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी है। सीमा पर सुरक्षा और सर्विलांस मजबूत किया गया है। जिन स्थानों पर कुछ बर्फ कम होती है, वहां पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। फेस्टिवल सीजन को भी ध्यान में रखते हुए बीएसएफ ने सीमा पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाई है।