आईपीएल नीलामी में जम्मू कश्मीर के तीन खिलाड़ी शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल के 10वें संस्करण में इस बार रियासत के तीन खिलाड़ी अपना खेल दिखा सकते हैं, क्योंकि नीलामी सूची में जम्मू-कश्मीर के तीन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों में जम्मू-कश्मीर से परवेज रसूल, उमर नजीर और आयन देव सिंह चौहान शामिल हैं। नीलामी 20 फरवरी को तय हुई है।
जहां पहली लिस्ट में आठ फ्रेंचाइजियों को तकरीबन 799 खिलाड़ी चुनने थे, अब उन खिलाड़ियों की संख्या घटाकर 351 कर दी गई है। रियासत के तीनों खिलाड़ियों को इस नीलामी से काफी उम्मीदें हैं। हालांकि परवेज रसूल और आयन देव सिंह चौहान इससे पहले भी नीलामी में शामिल हो चुके हैं, लेकिन उमर नजीर पहली बार इसमें शामिल हुए हैं।
आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स, मुंबई इंडियंस, पुणे सुपर जांयट्स, गुजरात लायंस, कोलकाता नाइटराइडर्स, हैदराबाद सनराइजर्स, पंजाब किंग्स इलेवन और रायल चैलेंजर बंगलूरू में इन तीनों खिलाड़ियों के चुने जाने की उम्मीद है। परवेज रसूल जहां इससे पहले रायल चैलेंजर बंगलूरू, सरनाइजर्स हैदराबाद और पुणे की टीम के लिए योगदान दे चुके हैं। वहीं नजीर और आयन देव को पहली बार किसी टीम से खेलने का मौका मिल सकता है। परवेज रसूल का बेस प्राइज 30 लाख रुपये है, तो नजीर और आयन का बेस प्राइज 10 लाख रुपये है।
परवेज रसूल को 86वां स्थान हासिल
गौरतलब है कि राहुल द्रविड़ के अंडर 19 भारतीय टीम और भारती एकादश का कोच बनने के बाद से युवा प्रतिभाओं को आईपीएल फ्रेंचाइजी ज्यादा तरजीह देती हैं। कारण इसका यह है कि भारतीय खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में आसानी से जगह मिलने के साथ-साथ वे आपसी खिलाड़ियों के साथ तालमेल बैठाने में कामयाब भी होते हैं।
जहां उमर को नीलामी में 61वां स्थान मिला है, वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज आयन को 197वां स्थान मिला है। इन तीनों में से सबसे अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेल चुकेे परवेज रसूल को 86वां स्थान हासिल हुआ है। गौरतलब है कि सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले दक्षिण कश्मीर के युवा प्रतिभावान गेंदबाज उमर नजीर से सभी को उम्मीदें हैं। वहीं जम्मू के आयन देव सिंह विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेलते आ रहे हैं, हालांकि उनके लिए टीम में जगह बनाना काफी मुश्किल होगा।
जहां तक सभी फ्रेंचाइजी के विकेटकीपर बल्लेबाज तय हैं, वहीं पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर रियासत का नाम ऊंचा कर चुके रसूल से भी सभी को काफी उम्मीदें हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इंग्लैंड के साथ हुए टी-20 मैचों में उन्हें जगह मिली थी, लेकिन उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं था। इसकी वजह से उन्हें पहले मैच के बाद बेंच पर बैठा दिया गया था।