पांपोर में दो आतंकी ढेर, CRPF के दो जवान घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलवामा जिले के पांपोर में मंगलवार की शाम को हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो आतंकी ढेर कर दिए। इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के दो जवान और दो स्थानीय नागरिक घायल हुए हैं।
मुठभेड़ पांपोर के सेमपुरा इलाके में स्थित जेकेईडीआई के दफ्तर के बाहर श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग की है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को सूचना मिली थी कि एक वाहन में सवार होकर दो आतंकी श्रीनगर की तरफ बढ़ रहे हैं।
इसके चलते एक संयुक्त नाका लगाया गया। जैसे ही एक सफेद रंग का टाटा मोबाइल वाहन नाके के करीब पहुंचा तो उसे रुकने के लिए इशारा किया गया, लेकिन उसमें सवार दो आतंकियों ने नाके पर तैनात जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।
इस सप्ताह में यह दूसरा आतंकी हमला है
आतंकियों के खिलाफ तुरंत ही एसओजी, सीआरपीएफ और सेना ने संयुक्त अभियान छेड़ दिया। कुछ समय तक चली भीषण मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को दो आतंकी ढेर करने में सफलता मिल गई। इसकी पुष्टि सेना के एक अधिकारी ने की है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस मुठभेड़ से इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। लोग दहशत में आ गए। यातायात रोक दिया गया। सीआरपीएफ के प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ में 110 बटालियन के दो जवान जख्मी हुए हैं। सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ में दो स्थानीय नागरिक भी घायल हुए हैं जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि इस सप्ताह में यह दूसरा आतंकी हमला है। सोमवार को ही आतंकियों ने दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के सिंथन इलाके में सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था। इसमें सात जवान और दो स्थानीय नागरिक घायल हुआ था। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने ली थी।