जम्मू-कश्मीर: पुंछ-राजोरी को फिर दहलाने के लिए भेजी 10 किलो आईईडी, सीमापार से लगातार रची जा रही बड़ी साजिश
बता दें कि कश्मीर में आतंकियों का नेटवर्क दम तोड़ रहा है। इसकी वजह से पाकिस्तान ने पुंछ और राजोरी में आतंकी गतिविधियों को बढ़ाया है। इस बात का अंदाजा यहीं से लगाया जा सकता है कि पिछले 3 महीनों में पुंछ और राजोरी एलओसी पर 10 बार आतंकियों की घुसपैठ कराने का प्रयास किया गया है।
विस्तार
राजोरी-पुंछ में बड़ी आतंकी वारदातों को अंजाम देने के बाद भी पाकिस्तान बाज नहीं आ रहा। बुधवार को पुंछ में बरामद की गई 10 किलो आईईडी से नगर को फिर दहलाने की साजिश थी। आतंकी इस आईईडी से सैन्य काफिलों और कुछ अन्य जगहों पर लगाकर हमला करना चाहते थे।
बता दें कि कश्मीर में आतंकियों का नेटवर्क दम तोड़ रहा है। इसकी वजह से पाकिस्तान ने पुंछ और राजोरी में आतंकी गतिविधियों को बढ़ाया है। इस बात का अंदाजा यहीं से लगाया जा सकता है कि पिछले 3 महीनों में पुंछ और राजोरी एलओसी पर 10 बार आतंकियों की घुसपैठ कराने का प्रयास किया गया है।
हालांकि घुसपैठ के प्रयास विफल किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान से भेजी गई 10 किलो की आईईडी को कई जगह लगाकर हमलों को तेज करने की साजिश थी। यह आईईडी राजोरी पुंछ में मौजूद आतंकियों तक पहुंचनी थी।
इसके बाद आतंकियों और उनके गुर्गों द्वारा इसे अलग अलग जगह लगाया जाना था। बताया जा रहा है कि आतंकी लगातार राजोरी पुंछ में हमले करना चाहते हैं। ताकि आतंकी गतिविधियों को तेज किया जाए।
इसके लिए दोनों जिलों में मौजूद आतंकियों को लगातार पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलरों से निर्देश मिले हैं। आने वाले दिनों में राजोरी और पुंछ दोनों ही जिलों की एलओसी से घुसपैठ के प्रयास तेज हो सकते हैं।
7 नागरिकों की हत्या कर दी गई थी
बता दें कि राजोरी में साल के शुरुआत में आतंकियों ने हिंदुओं का नरसंहार किया था। इसमें 7 नागरिकों की हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा आतंकियों ने पुंछ के भाटादूड़ियां में पांच सैनिकों पर घात लगाकर हमला किया। इसके बाद आतंकियों ने राजोरी के जंगलों में फिर से पांच सैनिकों पर हमला किया।
इसमें जवान शहीद हो गए। पिछले 19 महीनों में आतंकी राजोरी पुंछ में 25 सैनिकों को शहीद कर चुके हैं। अब भी राजोरी पुंछ के जंगलों में 10 से 12 आतंकी छुपकर बैठे हुए हैं, जो स्थानीय लोगों और सुरक्षाबलों के लिए खतरा बने हुए हैं।
अमरनाथ यात्रा को लेकर भी बौखलाए
इस बार अमरनाथ यात्रा दो महीनों से अधिक अवधि की है। इससे भी पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। कश्मीर में यात्रा को लेकर कड़े इंतजाम रहेंगे। पाकिस्तान में बैठे आतंकी अमरनाथ यात्रा में खलल डालने के लिए राजोरी पुंछ में भी हमले तेज कर सकते हैं। क्याेंकि कश्मीर में नेटवर्क दम तोड़ रहा है।