उधमपुर। शहर के साथ लगते चक्खड़ इलाके में वीरवार देर रात को तेज बारिश के दौरान सड़क से पानी घर की तरफ पहुंचने पर मवेशियों के लिए बनाया कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। समय रहते परिवार ने मवेशियों को बाहर निकाल दिया, इसलिए किसी मवेशी को नुकसान नहीं पहुंचा है।
वजीर मोहम्मद ने बताया कि उनके घर के ऊपर की तरफ से राजे दी बां की तरफ से नया मार्ग तैयार किया गया है। मार्ग का निर्माण पीएमजीएसवाई के तहत किया है। जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण मार्ग से सारा पानी उनके मकान की तरफ पहुंचता है। रात को भी जब तेज बारिश शुरू हुई तो मार्ग से सारा पानी उनके मवेशियों के कमरे की तरफ पहुंचा और देखते ही देखते मकान क्षतिग्रस्त हो गया। उनको पहले ही लगने लगा था कि मकान क्षतिग्रस्त हो जाएगा, इसलिए पहले ही मवेशियों को मकान से बाहर निकाल दिया था। उन्होंने कहा कई बार पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को मार्ग से पानी उनके घरो की तरफ पहुंचने की शिकायत की थी, लेकिन किसी ने भी इसको गंभीरता से नहीं लिया। अगर समय रहते जरूरी कदम उठा लिए होते तो आज उनका मवेशियों का मकान सुरिक्षत होता।