किश्तवाड़। जिले में 15 से 18 वर्ष आयु के किशोरों के लिए कोरोना टीकाकरण का शुभारंभ सोमवार को सात में से छह केंद्रों पर हुआ। इनमें आदर्श बाल निकेतन हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल बॉयज व गर्ल्स, न्यू एरा पब्लिक हाई स्कूल, भारतीय विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल अठोली और हायर सेकेंडरी स्कूल पलमाड़ शामिल हैं।
पहले दिन भारतीय विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल किश्तवाड़ को छोड़कर अन्य छह केंद्रों में 655 किशोरों का टीकाकरण हुआ। पहला टीका आदर्श बाल निकेतन हाई स्कूल की 10वीं की छात्रा रिमझिम शर्मा को लगा। सरकूट निवासी छात्रा ने कहा कि टीका लगवाते हुए उसे बिल्कुल डर नहीं लगा। खुशी की बात है कि टीकाकरण हो गया है। भविष्य में बिना भय के अब स्कूल जा सकेंगे। मौके पर स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने बच्चों को मास्क पहनने, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने, नियमित दूरी बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचने, टीका लगवाने और नियमों का पालन करने के बारे में बताया।