उधमपुर। मरम्मत कार्य के लिए बुधवार को बंद रखे गए जम्मू-श्रीनगर हाईवे को वीरवार सुबह बहाल कर दिया गया। सबसे पहले पहले छोटे यात्री वाहनों को रवाना किया। वहीं, यातायात सुचारु होने के बाद उधमपुर सहित विभिन्न स्थानों पर रोके गए वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।
वीरवार सुबह जम्मू-श्रीगन हाईवे खुलने पर यातायात पुलिस ने सबसे पहले छोटी गाड़ियों को घाटी की ओर रवाना किया और इसके बाद रोक-रोक कर ट्रकों को आगे जाने की अनुमति दी। डोडा, किश्तवाड़ और पत्नीटॉप की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को पूछताछ के बाद छोड़ा गया है। वीरवार सुबह आठ बजे के बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कर दिया गया। गौरतलब है कि लगभग एक साल से सप्ताह में एक दिन राजमार्ग पर मरम्मत कार्य के लिए वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद रखा जा रहा है। पहले हर शुक्रवार और छह माह से हर बुधवार को राजमार्ग की मरम्मत की जाती है। इस दौरान रामबन से बनिहाल तक राजमार्ग की मरम्मत की जाती है। राजमार्ग को बंद रखने को लेकर पुलिस ने मंगलवार देर रात से ही वाहनों के घाटी की तरफ जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद उधमपुर व रामबन में वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। उधमपुर में जखैनी के साथ भारत नगर, रठियान, गरनई, बट्टल बालियां व मांड में ट्रकों को रोका गया था। वीरवार सुबह आठ बजे यातायात बहाल होने पर यात्रियों और चालकों को काफी राहत मिली है।