उधमपुर/रामनगर। श्री चौंतरा माता की वार्षिक यात्रा के समापन कार्यक्रम में श्री चौंतरा माता प्रबंध समिति के अध्यक्ष, पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणवीर सिंह पठानिया ने श्री चौंतरा माता पर बनीं डाक्यूमेंट्री का विमोचन किया। डाक्यूमेंट्री का संकलन अर्जुन वर्मा और उनकी टीम ने किया है।
पठानिया ने कहा कि कोविड-19 के कारण लगभग तीन साल बाद श्री चौंतरा की भव्य यात्रा का सफल संचालन किया गया है। इसमें रामनगर व इसके आसपास के इलाकों से आए लोगों ने भाग लिया। इस दौरान प्रशासन की तरफ से बिजली, पानी व सुरक्षा आदि के पुख्ता प्रबंध थे। उन्होंने कहा कि श्री चौंतरा माता पर बनी डाक्यूमेंट्री में चौंतरा माता के साथ श्री पिंगला माता, श्री मराड़ा माता, श्री सुकराला माता, बालसुंदरी माता, रामनगर में श्री नरसिंह मंदिर, मजालता डालसर और खून के आपशंभु मंदिरों के लोकप्रिय मंदिरों का सुंदर चित्रण किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उत्तम जलवायु, सुंदर स्थलाकृति है जो इसे एक आदर्श पर्यटन स्थल के रूप में पोषित करने के योग्य है। इसलिए यहां अगर पर्यटन विकास सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाए तो निश्चित रूप से श्री माता वैष्णो देवी और श्रीनगर की तरफ जाने वाले लाखों पर्यटक इन इलाकों का भी रुख करेंगे।

उधमपुर: चौंतरा माता मंदिर में पूजा करते पूर्व विधायक आरस पठानिया तथा चौतरा माता की फोटो रिलीज करत- फोटो : UDHAMPUR