उधमपुर/चिनैनी। वाइल्ड लाइफ को आदमखोर तेंदुए को मारने में चौथे दिन भी कामयाबी नहीं मिल सकी है। वीरवार को वाइल्ड लाइफ की टीम ने उधमपुर शहर के साथ लगते चक्खड़, गंगेड़ा इलाके में डेरा डाल कर सर्च आपरेशन चलाया। ड्रोन के जरिए भी तेंदुए का पता लगाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन शाम तक इसमें कोई कामयाबी नहीं मिली। शुक्रवार को वाइल्ड लाइफ की टीम एसओजी के साथ मिलकर तेंदुए को मारने का आपरेशन चलाएगी।
तेंदुए के दो बच्चों को अपना निशाना बनाए जाने के बाद चक्खड़, गंगेडा, तिरडी, लद्दा व अन्य कई इलाकों में ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं वाइल्ड लाइफ की तरफ से तेंदुए को मारने का आदेश जारी कर दिया गया है। तीन दिन से वाइल्ड लाइफ की टीम तेंदुए को मारने व पकड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिल रही है। चक्खड़ व गंगेड़ा में बार बार तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलने के बाद वाइल्ड लाइफ की टीम ने वीरवार सुबह से शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया। शूटरों के साथ कई स्थानों पर पहुंच कर तलाश की। ड्रोन की मदद से भी पता लगाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन इसमें कोई कामयाबी नहीं मिली है। रेंजर राकेश शर्मा ने बताया कि तेंदुए को मारने के लिए एसओजी की टीम शुक्रवार सुबह काम शुरू करेगी। टीम उधमपुर पहुंच चुकी है। वहीं चक्खड़ के स्थानीय निवासियों का कहना था कि हमारे के लिए तेंदुआ सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। हमारी प्रशासन और वाइल्ड लाइफ से अपील है कि जल्द से जल्द पकड़ कर या फिर मार कर राहत प्रदान की जाए।