उधमपुर। व्यापार मंडल के कार्यालय में शुक्रवार को विधिक माप विज्ञान विभाग की ओर से उपभोक्ता जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। इसमें विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ने दुकानदारों को विभाग की ओर से लागू किए गए नए नियमों और जरूरी दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी। कैंप में बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे और उन्होंने विभागीय अधिकारियों से नियमों को लेकर जानकारी हासिल की। विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर मोसीम खतीब ने दुकानदारों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने की हिदायत दी। दुकानदार अपनी दुकानों पर इस्तेमाल होने वाले सभी संबंधित उपकरणों की समय पर स्टैंपिंग और वेरिफिकेशन करवाकर रखें, ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने दुकानदारों को नियमों का पालन करने के साथ-साथ ग्राहकों के हितों का भी ध्यान रखने के लिए कहा। कहा कि समय के साथ व्यापार से जुड़े नियमों में काफी बदलाव और विस्तार हुआ है, इसलिए दुकानदारों का इन नियमों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। दुकानों पर जरूरी स्टीकर, स्टांप और संबंधित डिस्प्ले निर्धारित तरीके से लगाकर रखने की जानकारी भी दी गई। इस दौरान शहर के दुकानदारों ने विभागीय अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी को ध्यान से सुना और नियमों से संबंधित अपनी शंकाओं को भी दूर किया। दुकानदारों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कैंप से उन्हें विभागीय नियमों और जरूरी औपचारिकताओं की जानकारी आसानी से मिलती है। मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।