अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले का खतरा, खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले का खतरा है। खुफिया एजेंसियों के पास इस बात के इनपुट हैं कि आतंकियों ने इसके लिए व्यूह रचना तैयार कर ली है। इसके तहत कठुआ में आईबी से घुसपैठ की हालिया आशंका के बाद रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
घाटी में जैश आतंकी की गिरफ्तारी और अप्रैल महीने में 18 आतंकियों द्वारा एलओसी से घुसपैठ में सफल होने की सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। घाटी में आतंकियों के स्लीपिंग माड्यूल बड़ी संख्या में मौजूद होने के भी सुरक्षा एजेंसियों के पास पुख्ता इनपुट हैं।
उच्च पदस्थ सैन्य सूत्रों के मुताबिक घुसपैठ में सफल रहे 18 आतंकियों में 15 आतंकी अब भी मौजूद हैं। इसके अलावा हिजबुल और जैश संगठन द्वारा दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों में प्रशिक्षु आतंकियों को ट्रेनिंग दी जा रही है।
इंटेलीजेंस इनपुट के मुताबिक फिदायीन दस्ते भी तैयार किए
इसके चलते माना जा रहा है कि आतंकी संगठन अमरनाथ यात्रियों को निशाना बनाकर फिर से घाटी में माहौल खराब करने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की फिराक में हैं। इंटेलीजेंस इनपुट के मुताबिक फिदायीन दस्ते भी तैयार किए जा रहे हैं।
इसके अलावा सेना एवं सुरक्षा बलों की तैनाती और मूवमेंट की तमाम सूचनाएं भी ओवर ग्राउंड वर्कर आतंकी संगठनों तक पहुंचा रहे हैं। अमरनाथ यात्रा के दौरान आतंकी हमले की आशंका के चलते लखनपुर से लेकर बालटाल तक सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के साथ ही सीमा और एलओसी पर भी सुरक्षा प्रबंधों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में पुलिस महानिदेशक के राजेंद्रा कुमार की सीआरपीएफ के डीजी एवं अन्य वरिष्ठ अफसरों से पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का रोडमैप तैयार किया गया था।
अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा के फुलप्रूफ इंतजाम किए जाएंगे। हर हाल में यात्रियों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी ताकि वे बेखौफ होकर दर्शन के लिए आ सकें। हर यात्री की हिफाजत की जाएगी। सुरक्षा मामले को लेकर किसी तरह से डरने की जरूरत नहीं है।
- के राजेंद्रा कुमार, पुलिस महानिदेशक