Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Srinagar News ›   Srinagar, Protest by PG doctors at GMC Srinagar continues for the seventh day; 'Apni Party' extends support, while AIMSA withdraws from the agitation.

Srinagar News: जीएमसी श्रीनगर में पीजी डॉक्टरों का प्रदर्शन सातवें दिन भी जारी<bha>;</bha> अपनी पार्टी ने दिया समर्थन, तो एआईएमएसए ने आंदोलन से खींचे हाथ

विज्ञापन
Srinagar, Protest by PG doctors at GMC Srinagar continues for the seventh day; 'Apni Party' extends support, while AIMSA withdraws from the agitation.
जीएमसी श्रीनगर में डॉक्टरों का प्रदर्शन। संवाद
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

श्रीनगर। कश्मीर घाटी के सरकारी मेडिकल कॉलेजों (जीएमसी) में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का आंदोलन गुरुवार को सातवें दिन भी जारी रहा। स्टाइपेंड बढ़ोतरी और वेतन समानता की मांगों पर अब तक कोई ठोस नतीजा न निकलने से जहां डॉक्टरों में असंतोष बना हुआ है, वहीं इस आंदोलन में एक नया मोड़ भी आ गया है। एक तरफ जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का खुलकर समर्थन किया है, तो दूसरी तरफ ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएमएसए) ने स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक के बाद आंदोलन से खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है।
आंदोलन के सातवें दिन जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद अशरफ मीर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जीएमसी श्रीनगर का दौरा किया और प्रदर्शनकारी डॉक्टरों के प्रति एकजुटता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल परिसर में रेजिडेंट डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और लंबे समय से लंबित मांगों के प्रति पार्टी का समर्थन व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि रेजिडेंट डॉक्टर सरकारी अस्पतालों की रीढ़ हैं, जो लंबे कार्य घंटों और कठिन परिस्थितियों में मरीजों की सेवा करते हैं, इसलिए सरकार को जल्द ही नीतिगत फैसला लेते हुए उनके जायज मुद्दों का संवेदनशील समाधान करना चाहिए।
विज्ञापन

दूसरी ओर, इसी मुद्दे पर एआईएमएसए ने जम्मू-कश्मीर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों से अपना समर्थन पूरी तरह वापस लेने की घोषणा की है। एसोसिएशन ने यह फैसला 25 नवंबर को जम्मू स्थित सिविल सचिवालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इत्तू के साथ हुई एक अहम बैठक के बाद लिया। एआईएमएसए द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, संगठन स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई सकारात्मक बैठक का स्वागत करता है और प्रतिनिधिमंडल के अनुरोध पर मंत्री ने मांगों पर हुई प्रगति का आकलन करने के लिए 15 दिसंबर के आसपास दूसरी समीक्षा बैठक बुलाने पर सहमति जताई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

कुछ रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ वैचारिक मतभेदों का हवाला देते हुए एआईएमएसए ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले से जुड़े किसी भी आगामी विरोध प्रदर्शन या गतिविधि का हिस्सा नहीं होगा और न ही किसी पीजी या सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर को कोई समर्थन देगा। संगठन ने कहा कि यदि कोई डॉक्टर व्यक्तिगत रूप से कोई गतिविधि करता है, तो उससे एआईएमएसए का कोई संबंध नहीं होगा। इसके साथ ही, एआईएमएसए जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मोमिन खान, उपाध्यक्ष डॉ. मोहित चौधरी और उपाध्यक्ष डॉ. सैयद मुनव्वर अब्बास के हस्ताक्षर से जारी बयान में 26 नवंबर से मौजूदा चीफ एडवाइजर्स और स्टेट एडवाइजर्स की टीम का कार्यकाल समाप्त करने की भी घोषणा की गई है, जिसके स्थान पर जल्द ही नई टीम के नाम घोषित किए जाएंगे।
जम्मू-कश्मीर के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के रेजिडेंट डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें देश के अन्य राज्यों और केंद्रीय संस्थानों की तुलना में काफी कम स्टाइपेंड मिलता है, जबकि काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है। डॉक्टरों की मुख्य मांग है कि छठे वेतन आयोग की व्यवस्था के बजाय सातवें वेतन आयोग के अनुरूप वेतन लागू किया जाए और महंगाई भत्ता तथा मकान किराया भत्ता दिया जाए। इसके अलावा वे स्किम्स श्रीनगर और एम्स जम्मू के रेजिडेंट डॉक्टरों के बराबर वेतन व सुविधाएं, नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस, नियमित डीए संशोधन और उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार मातृत्व अवकाश का लाभ सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

बुधवार को जीएमसी जम्मू के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी जम्मू सिविल सचिवालय में स्वास्थ्य मंत्री सकीना इत्तू से मुलाकात की थी। डॉ. शर्मा के अनुसार, मंत्री ने वित्तीय पहलुओं की समीक्षा के लिए अतिरिक्त समय मांगते हुए दिसंबर में दोबारा बैठक करने की बात कही है, लेकिन तत्काल समाधान न मिलने के कारण डॉक्टरों में नाराजगी बनी हुई है। फिलहाल प्रदर्शनकारी डॉक्टर विभिन्न मेडिकल कॉलेजों की एसोसिएशनों के साथ विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति तय करने में जुटे हैं। यह आंदोलन जीएमसी श्रीनगर के अलावा जम्मू के मेडिकल कॉलेजों और कश्मीर के कुछ जिला अस्पतालों तक भी फैल चुका है, हालांकि डॉक्टरों ने भरोसा दिलाया है कि उनका विरोध शांतिपूर्ण रहेगा और मरीजों की सुविधा के लिए आपातकालीन सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed