{"_id":"69d40d20e02b1ab013001f88","slug":"snowfall-in-the-mountains-hailstorms-in-shopian-and-kulgam-rain-likely-again-starting-today-landslide-warning-2026-04-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jammu: पहाड़ों पर बर्फबारी, शोपियां और कुलगाम में पड़े ओले, आज से फिर बारिश की संभावना, भूस्खलन की चेतावनी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jammu: पहाड़ों पर बर्फबारी, शोपियां और कुलगाम में पड़े ओले, आज से फिर बारिश की संभावना, भूस्खलन की चेतावनी
Tue, 07 Apr 2026 01:15 AM IST
Digvijay Singh
अमर उजाला ब्यूरो, श्रीनगर
अमर उजाला ब्यूरो, श्रीनगर
Published by: Digvijay Singh
Updated Tue, 07 Apr 2026 01:15 AM IST
सार
पश्चिमी विक्षोभ के चलते सोमवार को पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी हुई। दोपहर के बाद शोपियां और कुलगाम सहित कुछ इलाकों में ओले पड़े। शोपियां का अहारबल क्षेत्र ओलावृष्टि से सर्वाधिक प्रभावित रहा।
विज्ञापन
बर्फ ढके पहाड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ के चलते सोमवार को पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी हुई। दोपहर के बाद शोपियां और कुलगाम सहित कुछ इलाकों में ओले पड़े। शोपियां का अहारबल क्षेत्र ओलावृष्टि से सर्वाधिक प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं कुछ जगह आंधी, संवेदनशील स्थानों पर हिमस्खलन और भूस्खलन की भी आशंका जताई गई है। इसके लिए एडवाइजरी और हेल्पलाइन भी जारी की जा चुकी है।
विज्ञापन
सोमवार को घाटी में सुबह से ही बादल छाए रहे। श्रीनगर सहित कई मैदानी इलाकों में सूरज नहीं निकला। इससे मौसम खुशगवार रहा और ठंडी हवा चलती रही। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है।
विज्ञापन
पहलगाम में अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.0 डिग्री अधिक है। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है, वहीं न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 7 अप्रैल की सुबह से 8 अप्रैल की शाम तक ज्यादातर जगहों पर रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी (ऊंचे इलाकों में) हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश, ओले और तेज हवा भी चल सकती है। जम्मू संभाग और कश्मीर संभाग में कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है।
7-8 अप्रैल के दौरान कुछ जगहों पर थोड़े समय के लिए होने वाली तेज और भारी बारिश के कारण कुछ संवेदनशील जगहों पर अचानक बाढ़ या भूस्खलन हो सकता है। कुछ निचले इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे खेती से जुड़े सभी काम रोक दें। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। 9-10 अप्रैल को छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी (ऊंचे इलाकों में) के छोटे-छोटे दौर आ सकते हैं। 11-16 अप्रैल को आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन दोपहर बाद कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए श्रीनगर की आम जनता को प्रशासन ने सलाह दी है कि वे सड़कों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें। पर्यटकों, स्थानीय शिकारा चलाने वालों, रेत निकालने वालों और डल झील, झेलम नदी तथा अन्य जलाशयों के आस-पास काम करने वाले अन्य लोगों को सख्त हिदायत दी जाती है कि वे इन जलाशयों की मौजूदा स्थिति और सुरक्षा की जांच किए बिना उन्हें पार करने या उनमें काम करने की कोशिश न करें।
सहायता के लिए इन नंबरों पर करें फोन
किसी भी आपात स्थिति या जरूरत के मामले में लोग तत्काल सहायता के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र श्रीनगर या पुलिस नियंत्रण कक्ष श्रीनगर से संपर्क कर सकते हैं। यह नंबर हैं-जिला आपातकालीन संचालन केंद्र श्रीनगर 0194-2483651, 0194-2457552, 0194-2457543, व्हाट्सएप नंबर 9103998355, 9103998356, 9103998357, पुलिस नियंत्रण कक्ष श्रीनगर 01942477567। जनता से आग्रह किया जाता है कि वे सुरक्षा के हित में सहयोग करें और सतर्क रहें।