Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Srinagar News ›   Political standoff over road construction in Sheshnag

कश्मीर: शेषनाग में सड़क निर्माण पर सियासी संग्राम, भाजपा-पीडीपी आमने-सामने, सज्जाद लोन ने एनसी को भी घेरा

Wed, 25 Nov 2026 04:35 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, श्रीनगर
अमर उजाला नेटवर्क, श्रीनगर Published by: Nikita Gupta Updated Wed, 25 Nov 2026 04:35 PM IST
सार

शेषनाग झील के पास सड़क निर्माण को लेकर जम्मू-कश्मीर में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने महबूबा मुफ्ती पर धार्मिक भावनाओं को राजनीति से जोड़ने का आरोप लगाया, वहीं शिवसेना और सज्जाद लोन ने पर्यावरणीय नुकसान की आशंका जताते हुए निर्माण रोकने और जांच की मांग की है।

विज्ञापन
Political standoff over road construction in Sheshnag
शेषनाग झील पर चले जेसीबी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शेषनाग झील के पास सड़क निर्माण को लेकर जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की ओर से निर्माण कार्य पर पर्यावरणीय चिंता जताए जाने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। शिवसेना (यूबीटी) और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस ने इस निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठाते हुए पर्यावरणीय नुकसान की आशंका जताई है।

विज्ञापन
Trending Videos

हाल ही में शेषनाग झील के पास भारी मशीन से खुदाई और निर्माण कार्य का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में करीब 11,730 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस संवेदनशील क्षेत्र में निर्माण को लेकर राजनीतिक दलों, धार्मिक नेताओं और पर्यावरणविदों ने काम रोकने की मांग की है।

महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया था कि विकास के नाम पर क्षेत्र की नाजुक पारिस्थितिकी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है जिससे शेषनाग झील के पर्यावरण और अमरनाथ यात्रा दोनों पर खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने उमर अब्दुल्ला सरकार पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के साथ सड़क निर्माण संबंधी समझौते को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया था।

हालांकि, बीआरओ ने सोमवार को स्पष्ट किया था कि अमरनाथ यात्रा समाप्त होने के बाद किए जा रहे कार्य सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय संरक्षण नियमों के तहत किए जा रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

भाजपा ने महबूबा पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने सड़क निर्माण की आलोचना करने पर महबूबा मुफ्ती को घेरते हुए कहा कि तकनीकी रिपोर्ट और विशेषज्ञों के आकलन के आधार पर होने वाले विकास कार्यों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि तकनीकी रिपोर्ट किसी इमारत को असुरक्षित बताती है या किसी सड़क के निर्माण की अनुमति नहीं देती, तो उस सलाह का पालन होना चाहिए। लेकिन यदि काम तकनीकी रिपोर्ट के अनुसार हो रहा है, तो उसमें अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए।

सत शर्मा ने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में हालात बेहतर हुए हैं और पहलगाम घटना के बाद पर्यटन धीरे-धीरे फिर से पटरी पर लौट रहा है। पीडीपी के चुनावी प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की सीटें 28 से घटकर तीन रह गई हैं और नेतृत्व को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जिससे जनता से दूरी बढ़े।

शिवसेना ने किया प्रदर्शन
दूसरी ओर, शिवसेना (यूबीटी) के जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष मनीष साहनी ने शेषनाग क्षेत्र में कथित पहाड़ कटाई और भारी मशीनों के इस्तेमाल के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने क्षेत्र की नाजुक हिमालयी पारिस्थितिकी, धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

साहनी ने बीआरओ के सड़क चौड़ीकरण कार्य को आवश्यक मंजूरी मिलने के दावे पर सवाल उठाते हुए परियोजना से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की। इसमें मंजूरी, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), नक्शे और पर्यावरणीय स्वीकृतियां शामिल हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि पर्यावरणीय प्रभाव आकलन और आपदा जोखिम अध्ययन के बिना संवेदनशील क्षेत्र में निर्माण के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। साहनी ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी प्रशासन का रुख स्पष्ट करने और शिवसैनिकों व हिंदू नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को शेषनाग जाकर वास्तविक स्थिति देखने की अनुमति देने की मांग की।

उन्होंने माता वैष्णो देवी यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि विकास के नाम पर धार्मिक स्थलों की मूल स्वरूप और आस्था से जुड़े मार्गों के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना हिमालय और धार्मिक आस्था के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।

विज्ञापन

सज्जाद लोन ने एनसी-पीडीपी पर लगाया आरोप
पीपुल्स कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने भी शेषनाग के पास निर्माण कार्य को 'पारिस्थितिक विनाश' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और पीडीपी इस गंभीर मुद्दे पर एक-दूसरे को दोषी ठहराकर वास्तविक समस्या से ध्यान भटकाने में लगी हैं।

लोन ने कहा कि महबूबा मुफ्ती ने सड़क निर्माण को लेकर एनसी सरकार पर मंजूरी देने का आरोप लगाया, जबकि एनसी ने इसका खंडन किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से पर्यावरण को हो रहे नुकसान का मुद्दा दब सकता है।

उन्होंने पर्यावरणविदों से अपील की कि वे वैज्ञानिक तथ्यों और प्रमाणों के साथ सामने आएं, ताकि पर्यावरणीय नुकसान रोकने के लिए गंभीर चर्चा हो सके। सज्जाद लोन ने 2008 के अमरनाथ भूमि विवाद का जिक्र करते हुए आशंका जताई कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दे को राजनीतिक और सांप्रदायिक रंग भी दिया जा सकता है।

शेषनाग झील के पास निर्माण कार्य को लेकर अब राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जबकि पर्यावरण संरक्षण और अमरनाथ यात्रा मार्ग की सुरक्षा को लेकर निर्माण कार्य रोकने की मांग लगातार उठ रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed