लद्दाख में 21 नवंबर को पंचायत-निकाय चुनाव: बर्फीले इलाकों में मतदान के लिए खास तैयारी, प्रशासन अलर्ट
लद्दाख में 21 नवंबर को होने वाले पंचायत और नगर निकाय चुनावों की तैयारियों की मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने समीक्षा की। बर्फबारी से प्रभावित दुर्गम इलाकों में विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार
लद्दाख में 21 नवंबर को होने वाले पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने बुधवार को लेह में उच्चस्तरीय बैठक कर चुनावी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। पंचायत चुनाव की प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
बैठक में मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए ताकि चुनाव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराए जा सकें। लद्दाख की 193 पंचायतों में मतदान होगा जबकि लेह और कारगिल में नगर निकाय चुनाव आयोजित किए जाएंगे।
नामांकन से लेकर मतगणना तक तैयारियों की समीक्षा
मुख्य सचिव ने नामांकन प्रक्रिया चुनाव सामग्री और मतपेटियों की उपलब्धता, मतदान कर्मियों की नियुक्ति और प्रशिक्षण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नामांकन और शिकायतों की रोजाना निगरानी करने तथा चुनाव से संबंधित रिपोर्ट समय पर जमा कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान सामग्री और पोलिंग किट समय रहते तैयार कर संबंधित स्थानों तक पहुंचाई जाएं। इसके साथ ही मतदान दलों की तैनाती और उनके आवागमन की योजना भी समय पर तैयार करने को कहा।
बर्फबारी वाले इलाकों पर विशेष ध्यान
लद्दाख के दुर्गम और बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में चुनाव कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए मुख्य सचिव ने ऐसे मतदान केंद्रों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
सड़क और मौसम की स्थिति, बर्फ हटाने, वैकल्पिक रास्तों तथा जरूरत पड़ने पर मतदान दलों को पहले रवाना करने की योजना बनाने को कहा। दूरदराज के इलाकों में मतदान कर्मियों के लिए भोजन, हीटिंग, ठहरने और संचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्ट्रांग रूम और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में जिला और ब्लॉक स्तर पर स्ट्रांग रूम तथा मतगणना केंद्रों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने चुनाव सामग्री को सुरक्षित रखने और पुलिस विभाग के समन्वय से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने पर जोर दिया।
इसके अलावा मतदान ड्यूटी के लिए शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों की तैनाती, प्रशिक्षण कार्यक्रम, मतदान दलों की रवानगी, कानून-व्यवस्था, आबकारी व्यवस्था और सीमा चौकियों पर समन्वय की भी समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस महानिदेशक आनंद जैन, ग्रामीण विकास विभाग की सचिव निधि मलिक, वित्त सचिव त्सेवांग थारचिन और मुख्य निर्वाचन अधिकारी राहुल शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
लद्दाख में पिछली बार पंचायत और नगर निकाय चुनाव 2018 में हुए थे। दोनों का कार्यकाल नवंबर 2023 में समाप्त हो गया था।