Snowfall in J&K: जम्मू-कश्मीर में पीर पंजाल रेंज में बर्फबारी, मुगल रोड को खोलने के लिए बर्फ हटाने का काम जारी
पीरपंजाल पर्वत श्रृंखला की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। राजौरी और पुंछ जिलों को कश्मीर से जोड़ने वाली मुगल रोड को खोलने के लिए बर्फ हटाने का काम चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 10 दिसंबर तक मौसम में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। उधर, लेह में शरीर को कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।
#WATCH | J&K: Higher reaches of Pirpanjal Mountains Range receive fresh snowfall. Snow clearance operation underway for opening Mughal Road, which connects Rajouri and Poonch districts with Kashmir.
विज्ञापन
(Video source: Snow clearance in charge) pic.twitter.com/IYISEoRoeq— ANI (@ANI) December 2, 2023
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन और स्कीइंग स्थल गुलमर्ग में भी बर्फबारी हुई है। यहां पहुंचे पर्यटकों का कहना था कि उन्हें बर्फबारी देखने का बेसब्री से इंतजार था। लद्दाख के ऊंचे इलाकों में भी सफेद चादर बिछी है। इसके अलावा सोनमर्ग, टंगमर्ग, खिलनमर्ग, यूसमर्ग और नागमर्ग सहित अन्य पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से घाटी के तापमान में गिरावट आई है। मौसम में बदलाव से कश्मीर में तीन सप्ताह का शुष्क दौर खत्म हो गया है। इस बीच दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
वहीं, शुक्रवार को श्रीनगर समेत कश्मीर के कई हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। श्रीनगर में 16.7 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 10.0 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीगुंड में बीती रात का न्यूनतम तापमान 2.2, पहलगाम में 0.5, कुपवाड़ा में 2.6, कोकरनाग में 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गांदरबल जिले के कंगन गुंड, कुलन, गगनगीर, सोनमर्ग और जोजीला में बारिश हुई। प्रभावित क्षेत्रों में बीकन की टीम सड़कों से बर्फ हटाने के काम में जुटी हुई है।