राजोरी। खनन माफिया के बढ़ते मामलों से पैदा हुए हालात का जायजा लेने शुक्रवार को उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने राजोरी-जम्मू हाईवे स्थित सरानू और उसके आस पास के गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने न्यू सरानू ब्रिज जल आपूर्ति योजना के कुएं का जायजा लिया और जल स्तर के कथित रूप से कम होने की विस्तृत जानकारी ली।
जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने उपायुक्त को बताया कि पानी का स्तर आठ से 10 फीट तक कम हो गया है। इस पर राजेश कुमार ने कुएं की गाद निकालने के निर्देश दिए, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। उन्होंने मनावर तवी में अवैध खनन के विभिन्न स्थानों का भी दौरा किया। पुरानी लिफ्ट सिंचाई योजना का दौरा कर उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट में शामिल सभी लोगों के खिलाफ तत्काल आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा रात के अंधेरे में स्टोन क्रशर के संचालन को रोकने के लिए मौके पर निर्देश जारी किए गए।
दरअसल, सरानू और उसके आसपास के कई गांवों में कुओं, बोरवेल, झरने और हैंडपंप के सूखने के संबंध में वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनके सूखने का कारण भारी मात्रा में अवैध खनन है। ऐसे ही वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए राजेश कुमार ने मन्नावर तवी के प्रभावित पंचायत और जलग्रहण क्षेत्र का व्यापक दौरा किया।