राजोरी। जिले के करहड़ क्षेत्र के सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रहे दो सगे भाई स्कूल पहुंचते ही बेहोश हो गए। शिक्षकों ने दोनों को दरहाल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया गया है। जीएमसी में उपचार के बाद ज़ब दोनों भाइयों 10 वर्षीय मोहम्मद परवेज़ और सात वर्षीय इम्तियाज़ अहमद पुत्र गुलज़ार हुसैन की हालत में सुधार आया तो उन्होंने डॉक्टर को बताया कि स्कूल जाते समय रास्ते में दोनों को चाचा ने पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी थी और कोल्ड ड्रिंक पीते पीते वे स्कूल पहुंचे। स्कूल पहुंचने के बाद उनके साथ क्या हुआ, कुछ याद नहीं। वहीं जीएमसी पहुंचे उनके पिता गुलज़ार ने बताया कि उनको स्कूल के शिक्षकों ने फ़ोन कर जानकारी दी थी कि दोनों बेटे स्कूल में बेहोश हुए हैं। उनको जीएमसी में भर्ती किया गया है। पिता ने बताया कि उसके बच्चों ने उनको भी यही बताया है कि रास्ते मे चाचा ने कोल्ड ड्रिंक दी थी और दोनों ने पी ली। गुलजार ने बताया कि उनका भाई के साथ भूमि विवाद चल रहा है लेकिन उन्होंने कभी भाई के बच्चों के बारे में गलत सोचा तक नहीं। उसने मेरे बच्चों को मारने के लिए ज़हर दे दिया। गुलज़ार ने बताया कि बच्चों का कोई दोष नहीं है और भाई को ऐसा नहीं करना चाहिए था।
वहीं जीएमसी राजोरी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शमीम ने बताया कि दोनों बच्चों की हालत स्थिर है और दोनों को फिलहाल डॉक्टर की निगरानी में रखा गया है। उधर दरहाल पुलिस थाने के एसएचओ मनप्रीत सिंह ने बताया कि दोनों भाइयों का काफी पुराना भूमि विवाद चल रहा है और बच्चों के बयान के बाद उनके चाचा मुश्ताक हुसैन को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच जारी है।