राजोरी। बुद्धल स्थित पब्लिक हेल्थ सेंटर (पीएचसी) में नियुक्त तीन स्वास्थ्य कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद पीएचसी को बंद कर दिया गया है। बीएमओ कंडी डॉ. इकबाल मालिक के अनुसार दुर्भाग्य से पीएचसी के तीन फ्रंटलाइन योद्धा कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को आवश्यक एसओपी और दिशा निर्देश का पालन करने के बाद होम आइसोलेशन के तहत रखा गया है।
पीएचसी में सभी प्रकार की ओपीडी सेवाएं कुछ दिनों तक निलंबित रहेंगी। जनरल ओपीडी को सैनिटाइजेशन के लिए बंद किया गया है। इमरजेंसी सेवाओं को हेल्थ सब सेंटर केवल से चलाया जाएगा। बीएमओ ने आम जनता से अनुरोध करते हुए कहा कि वह पीएचसी का दौरा न करें और साथ ही साथ अनावश्यक रूप से बाजार में भी न घूमें। सभी कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए बड़े पैमाने पर सैंपलिंग के लिए आगे आएं। उधर राजोरी जिले में 24 घंटे में कोरोना संक्रमित 198 नए मामले सामने आए हैं। एडीसी के अनुसार नए संक्रमितों में यात्री 6 हैं, जबकि राजोरी टाउन से 75, सुंदरबनी से 35, थन्नामंडी से 26, दरहाल से 21, कालाकोट से 10, मंजाकोट से 8, कंडी से 10 और नौशेरा से 7 लोग संक्रमित पाए गए हैं।