राजोरी। जिला मुख्यालय को रताल-जमोला से जोड़ने वाली सड़क मार्ग पर पुल निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों ने डीसी कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस नेता अजहर महमूद की अध्यक्षता में भारी संख्या में स्थानीय लोग पहले राजोरी के डाक बंगला में एकत्र हुए, यहां से रैली की शक्ल में डीसी कार्यालय पहुंचे। रैली के दौरान लोग नारेबाजी करते हुए तत्काल पुल निर्माण की मांग की।
रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार हर इलाके को सड़क संपर्क से जोड़ने और विकास को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े वादे करती है, वहीं दूसरी और जमीनी स्तर पर ऐसा कुछ भी नहीं है। युवा कांग्रेस नेता ने केंद्र कि भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार केवल झूठे वादे करके आम जनता को गुमराह करती है। प्रधानमंत्री मोदी का सबका विकास सबका विश्वास केवल एक नारा ही है। आज भी राजोरी जैसे सीमावर्ती जिले के दूरदराज के गांवों के लोग बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से दूर हैं। लोगों को आज भी अपने बुनियादी अधिकारों के लिए प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ता है। वहीं उन्होंने बताया कि पुल न होने से जहां एक तरफ विद्यार्थी स्कूल, कॉलेज समय पर नहीं पहुंच पाते हैं, वही दूसरी ओर किसी बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने बाद में डीसी राजोरी विकास कुंडल से मुलाकात कर जल्द पुल निर्माण की मांग की। डीसी ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि वे पुल निर्माण को लेकर जल्द फंड जारी कराने का प्रयास करेंगे।