एनआईटी श्रीनगर के छात्रों की कॉपी दूसरे एनआईटी के प्रोफेसर जांचेंगे
एनआईटी श्रीनगर के छात्रों की इस वार्षिक परीक्षा की कॉपी देश के अन्य एनआईटी की फैकल्टी जांचेंगी। छात्रों की मांग के चलते सरकार ने यह फैसला लिया है। साथ ही छात्रों को वार्षिक परीक्षा का एक अन्य मौका देने की घोषणा भी जल्द ही होगी।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, एनआईटी श्रीनगर के छात्रों का कहना था कि फैकल्टी स्थानीय होने के कारण उनके विरोध के चलते परीक्षा में नंबर काट लेगी। छात्रों की इस मांग को सरकार ने मान लिया है।
इसी के तहत अब एनआईटी श्रीनगर के छात्रों की अप्रैल से शुरू हो चुकी वार्षिक परीक्षा की कॉपी देश के विभिन्न एनआईटी प्रबंधन के पास भेजी जाएगी। इसके अलावा जिन छात्रों की परीक्षा छूट गई है, उन्हें भी एक मौका दिया जाएगा। हालांकि परीक्षा कब होगी, इस पर फैसला नहीं हुआ है।
एनआईटी कैंपस श्रीनगर से बाहर किसी अन्य राज्य में ले जाने की मांग मांग को ठुकराया
बता दें कि छात्र एनआईटी कैंपस श्रीनगर से बाहर किसी अन्य राज्य में ले जाने की मांग कर रहे थे, जिसे सरकार ने ठुकरा दिया था। पूरे मामले की कमेटी जांच भी कर रही है। उसी रिपोर्ट के आधार पर आगे फैसला होना है।
गौरतलब है एनआईटी कश्मीर में पढ़ रहे अन्य राज्यों के छात्रों ने वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच के दौरान तिरंगा लेकर भारत माता जय के नारे लगाए थे, इस दौरान पुलिस व बाहरी छात्रों ने इन छात्रों से मारपीट की थी। तब से यह विवाद चल रहा है और एनआईटी के छात्र कैंपस दूसरे राज्य में स्थापित करने सहित अन्य मांग कर रहे हैं।