Jammu Kashmir: पुंछ में एलओसी के पास दिखा संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन, सीमा पर बढ़ी चौकसी
पुंछ के मेंढर सेक्टर में एलओसी के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखाई देने के बाद सेना ने तलाशी अभियान शुरू कर सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास शुक्रवार देर शाम पाकिस्तान की ओर से आया संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद सुरक्षा बलों ने शनिवार सुबह बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक ड्रोन को मेंढर सेक्टर के बालाकोट इलाके के भरोटी गांव के ऊपर मंडराते देखा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन सीमा के पास मंगलनार-दबरोटे की ओर गया और कुछ देर बाद वापस पाकिस्तान की तरफ लौट गया। इसके बाद एलओसी की सुरक्षा में तैनात सेना के जवानों ने निगरानी बढ़ा दी और सुबह होते ही इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रोन ने कोई संदिग्ध सामान तो नहीं गिराया। तलाशी अभियान अभी जारी है और सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इसी बीच, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों ने उधमपुर, कठुआ और राजोरी के घने जंगलों में भी व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। शुक्रवार शाम से उधमपुर-कठुआ के जंगलों में खुबान, नगैन, खत्रैल, गोडू फलाल, पदेतर, चोर मोट्टू, किया, खेबा, भेड़, मार्टा, जोफर और आसपास के इलाकों में संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं, राजोरी के गैबास, मिठियानी, मोगला और नरला इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। यहां ग्रामीणों ने दो संदिग्ध हथियारबंद लोगों की गतिविधि की सूचना दी थी जिन्हें आतंकवादी होने का संदेह है।