पुंछ। किला बाजार बस स्टैंड व्यापार मंडल की तरफ से रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता ही सेवा अभियान को आगे बढ़ाते हुए नगर में स्थित ऐतिहासिक और शहीदी स्थलों और उनके आसपास सफाई अभियान चलाया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगरवासियों से आग्रह किया कि वह अपने आस पास के क्षेत्रों में प्रतिदिन नियमित तौर पर साफ-सफाई करें, जिससे नगर को साफ सुथरा बनाया जा सके।
दोपहर को किला बाजार बस स्टैंड व्यापार मंडल के दर्जनों सदस्य प्रधान राजीव टंडन, सचिव कवि दत्ता, पवन आनंद, निशू गुप्ता, नीरज रैना और शकील कोहली की अगुवाई में पुंछ किले के पास एकत्र हुए, जहां उन्होंने किले के आसपास सफाई की। उन्होंने किले के करीब बने शहीद स्मारक और उसके आसपास की सफाई करने के बाद शहीदों को नमन करते हुए स्मारक पर पुष्प एवं हार अर्पित किए। अंत में व्यापार मंडल के सदस्यों ने नाखांवाले चौराहे के पास स्थित ब्रिगेडियर प्रीतम सिंह के स्मारक और उसके आसपास सफाई की।
व्यापार मंडल की तरफ से सफाई कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए। इस अवसर पर राजीव टंडन सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।