Poonch Accident: सुरनकोट में बरातियों से भरी सूमो खाई में गिरी, नौ लोग की मौत, छह की हालत गंभीर
मेंढर के गांव गुरसाई से सुरनकोट के गांव मड़ा में बरात आई थी। शाम करीब साढ़े चार बजे जब बरात विदाई करवा कर लौट रही थी, तो काफिले में शामिल टाटा सूमो से चालक का नियंत्रण टूट गया और वाहन गहरी खाई में जा गिरी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिले में वीरवार को सुरनकोट तहसील के तराड़ांवाली क्षेत्र में बरात से लौट रही एक टाटा सूमो बेकाबू होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह गंभीर रूप से घायल हो गए। सुरनकोट अस्पताल ले जाते वक्त दो और घायलों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। चार अन्य घायलों को सुरनकोट उपजिला अस्पताल प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया गया है। मरने वाले सभी पुंछ जिले के रहने वाले हैं।
गुरसाई से सुरनकोट के गांव मड़ा में बरात आई थी
मेंढर के गांव गुरसाई से सुरनकोट के गांव मड़ा में बरात आई थी। दिन भर शादी के जश्न और दावत के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे जब बरात विदाई करवा कर लौट रही थी, तो काफिले में शामिल टाटा सूमो (जेके 12/2725) तराड़ांवाली क्षेत्र के चौकी जियारत पास एक मोड़ पर पहुंची तो अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण टूट गया और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।
घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया
ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही सुरनकोट से पुलिस बल और स्वास्थ्य कर्मचारी एंबुलेंसों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। उधर इस हादसे को लेकर डीसी पुंछ इंद्रजीत, एसएसपी रोहित बसकोत्रा सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों व विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक प्रकट किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मरने वालों के नाम
हादसे में मरने वालों की शिनाख्त गुलाम रब्बानी (55) मोहम्मद फजल (60) मुश्ताक अहमद (63) तीनों निवासी सैलां सुरनकोट, फजल अहमद (62), गुलाम जिलानी (55) गुरसाई मेंढर, आबिद कोहली (35), मोहम्मद अकबर (62), शौकत हुसैन (45) और जाहंगीर अहमद (29) सभी निवासी डींगला पुंछ के रूप में हुई है।
इनका अस्पताल में चल रहा इलाज
घायलों की पहचान जहीर अहमद, आन्य शौकत, हारून जुबेर और मोहम्मद जुबेर निवासी गुरसाई के रूप में हुई है।