पुंछ। उपायुक्त इंद्रजीत ने मंगलवार देर रात को नगर स्थित राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल का औचक दौरा किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, सर्जिकल वार्ड, गायनी, मेडिसिन, बाल रोग, जच्चा बच्चा रोग और हड्डी रोग वार्ड का दौरा किया। मरीजों, परिचारकों, स्टाफ और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जुल्फकार अहमद से बातचीत की।
उन्होंने जन औषधि मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया। स्टाफ की उपस्थिति और समय पालन की जांच के दौरान, 02 जूनियर स्टाफ नर्स रूमी मलिक और समीना फारूक को ड्यूटी से अनुपस्थित पाया। उपायुक्त ने दोनों को निलंबित कर दिया और वेतन रोकने के भी आदेश दिए। उपायुक्त ने अस्पताल की कैंटीन का भी निरीक्षण किया और मालिक को खाद्य पदार्थों की दर सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन को भविष्य में बेहतर पर्यवेक्षण और कर्मचारियों की निगरानी के लिए सभी स्थानों पर डॉक्टरों के ड्यूटी रोस्टर को प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के अंदर और बाहर स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया।