पुंछ। पुंछ में पहली बार आसमान में कपड़े के सहारे उड़ते हुए जमीन पर उतरते इंसान देख कर भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के स्कूली मारे खुशी से झूम उठे। जोश के साथ भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद और भारतीय सेना जिंदाबाद के जयकारे लगाने लगे। इससे पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इन बच्चों का कहना था कि हमने हवाई जहाज देखा है, हेलिकॉप्टर देखा है, और लड़ाकू जहाज भी देखा है, परंतु इस तरह पहली बार इंसानों को उढ़ते हुए देखा है। नियंत्रण रेखा के गांव गुलपुर एवं अजोट के स्कूली बच्चों के इस प्रकार खुश होने का कारण था। सेना की पुंछ ब्रिगेड के अधीनस्थ दुर्ग बटालियन की तरफ से पुंछ जिले में पहली बार नियंत्रण रेखा के गांव गुलपुर स्थित सैन्य मैदान में पैराग्लाइडिंग शो का आयोजन किया जाना। इसमें सेना की तरफ से विशेष तौर पर हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ से बुलाए गए पैराग्लाइडिंग में महारत रखने वाले चार लोगों ज्योति ठाकुर, शशि कपूर, कृष्णा ठाकुर और रणवीर ठाकुर ने नियंत्रण रेखा पर स्थित गांव अजोट टाप से दो पैैराग्लाइडर ने सिंगल-सिंगल और दो ने एक साथ उड़ान भरी और कुछ ही क्षणों में अपनी पैराग्लाइडिंग को अंजाम देते हुए गुलपुर सैन्य मैदान में लैंडिंग की। तो मौजूद स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और गण्यमान्य नागरिकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। गुलुपर मैदान में पहली बार इस प्रकार का शो आयोजन किए जाने से उपस्थित लोगों एवं स्कूली बच्चों ने सेना का इस प्रकार के आयोजन के लिए धन्यवाद अदा किया, जबकि कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व एमएलसी जहांगीर हुसैन मीर, डीडीसी सदस्य रियाज बशीर नाज, चौधरी अब्दुल गनी, इफ्तिखार बज्मी, सरफराज मीर और पुंछ विकास प्राधिकरण के मुख्य अधिकारी मोहम्मद तनवीर का कहना था कि सेना के इस आयोजन से जिले में एडवेंचर टूरिज्म के विकास की संभावनाएं एवं अवसर पैदा होंगे। इससे क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बढे़ंगी। हम इसके लिए जिला प्रशासन के सहयोग से और प्रयास करेंगे ताकि यहां पर पैराग्लाइडिंग के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा सके। इस पैराग्लाइडिंग शो में मुख्य अतिथि उपस्थित पुंछ ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर राजेश बिष्ट ने उपस्थित स्कूली बच्चों एवं बच्चियों से आज के शो के बारे में बातचीत की तो उन्होंने भी पैराग्लाइडिंग में रुचि दिखाते हुए कमांडर से आग्रह किया कि वह उनके लिए यहां प्रशिक्षण शुरू कराएं। ताकि हम भी इस प्रकार उड़ सकें। उधर हिमाचल प्रदेश से आए पैराग्लाइडर्स ने उपस्थित लोगों एवं बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर जिला प्रशासन क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग शुरू कराता है तो हम पूरा सहयोग करेंगे।