पुंछ। नियंत्रण रेखा पर स्थित पुंछ में भगवान शिव एवं देवी पार्वती के विवाह का प्रतीक महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शिव मंदिरों में दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। शिवरात्रि का सबसे बड़ा आयोजन उत्तर दिशा की पहाड़ी पर स्थित प्राचीन शिवखोड़ी मंदिर में किया गया। जहां उपायुक्त इंद्रजीत, एसएसपी रोहित बसकोत्रा और पुंछ ब्रिगेड के कमांडर राजेश कुमार ने मंदिर समिति के प्रधान लोकेश आनंद, निशू गुप्ता, सुरजीत सिंह आदि के साथ लोक कल्याण के लिए आयोजित यज्ञ में भाग लेने के बाद दर्शन पूजन किया।
मंदिर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर में 20 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन करने के भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
पुजारी एवं संरक्षक पंडित राजेश शर्मा, प्रेमसागर शर्मा की अगुवाई में विश्व कल्याण एवं शांति के लिए यज्ञ किया गया। पंडित लोकराज शर्मा, अक्षय शर्मा ने आहुतियां डालीं। शिवरात्रि केे उपलक्ष्य में श्री बुड्ढा अमरनाथ मंदिर, दशनामी अखाड़ा मंदिर, कनूईयां शिवालय, श्वि मंदिर, खखानाबन, शिव बगीची मंदिर, शिव मंदिर डूंगस, श्रीनाथ जी शिव मंदिर, शिव मंदिर पुरानी पुंछ और नोग्रह शिवालय देहरियां में भी बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने दर्शन पूजन करते हुए भगवान भोले नाथ से आशीर्वाद मांगा।