पुंछ। जिला पुलिस मुख्यालय में पुलिस और अवाम की तरफ से मिनी सचिवालय आतंकी हमले में शहीद पुलिस जवान राजेंद्र कुमार को पांचवी बरसी पर शनिवार को श्रद्धांजलि दी गई। शहीद को याद करते हुए लोगों का कहना था कि राजेंद्र कुमार ने अपना बलिदान देकर सैकड़ों पुलिस और सेना के जवानों की जान बचाई है।
दोपहर को शहीद स्मारक पर शहीद के परिजनों, रिश्तेदारों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों, पुलिस जवानों एवं अधिकारियों ने भाग लेते हुए पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित करते हुए शहीद के बलिदान को किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। गौरतलब है कि पुंछ के मोहल्ला पुरानी पुंछ निवासी मदन लाल और बंसत देवी के पुत्र राजेंद्र कुमार पुलिस की सीआईडी में तैनात थे। 11 सितम्बर 2016 को आतंकियों का एक दल पुंछ पुलिस मुख्यालय से सौ मीटर की दूरी पर और पुंछ सैन्य मुख्यालय से दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित मिनी सचिवालय की नवनिर्मित इमारत में आ छुपा था। राजेंद्र कुमार आतंकियों का पता लगाने के लिए पहुंचे तो गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। वह मौके पर ही शहीद हो गए। उनकी शहादत से आतंकियों के छुपे होने के स्थान का पता चल गया, जिसके बाद तीन दिन चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने चार आतंकियों को मार गिराया। राजेन्द्र कुमार अपने पीछे मां बसंत देवी, पत्नी अंजना शर्मा और पुत्री अंशिका एवं बड़े भाई, भाभी एवं उनके तीन बच्चों को छोड़ गए।