पुंछ। एक तरफ जहां कोराना महामारी ने पिछले दो साल से हर क्षेत्र, हर इंसान को प्रभावित करके रख दिया है। वहीं इस कोरोना ने पुंछ में गणेश उत्सव के लिए हर वर्ष स्थापित होने वाले एलओसी के राजा/ गणपति महाराज की ऊंचाई भी कम करके रख दी है।
अगर दो वर्षों से कोरोना महामारी न होती तो इस बार एलओसी के राजा की ऊंचाई सात फुट के करीब होनी थी, परंतु कोरोना महामारी के चलते इस बार एलओसी के राजा की ऊंचाई मात्र तीन फुट ही है। जबकि इतनी ऊंचाई एलओसी के राजा की आज के 12 वर्ष पहले थी। पुंछ के सबसे पुराने और सबसे बड़े गणशोत्सव पंडाल पावर हाउस के संस्थापक सदस्य संजीव कुमार का कहना है कि कोरोना के कारण जहां पिछले दो वर्ष से हम गणेशोत्सव बड़े ही छोटे पैमाने पर और सादगी से मना रहे हैं। वहीं हमें गणपति जी की प्रतिमा की ऊंचाई भी कम करनी पड़ी है। क्योंकि जतनी बड़ी प्रतिमा होगी उसकी स्थापता एवं विसर्जन के लिए उतने अधिक लोगों की जरूरत होती है। कोरोना के चलते अधिक लोगों को एकत्र करने पर पाबंदी के कारण हमें ऐसा करना पड़ा है। गणपति स्थापना के नियमों के अनुसार हर बार मूर्ति की ऊंचाई बढ़ानी होती है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण हमें मूर्ति की ऊंचाई कम करनी पड़ी है। अगर महामारी न होती तो इस बार हमारी मूर्ति सात फुट की होती। हम तो भगवान गणपति से यही प्रार्थना करते हैं कि अगले बरस वह कोरोना महामारी का नाश करने के बाद ही हमारे बीच आएं।