पुंछ। नियंत्रण रेखा से सटे गुलपुर सेक्टर में सेना की तरफ से नशामुक्ति जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में चन्नेई से बुलाए गए मनोचिकित्सक डॉ. कन्न गिरीश ने लोगाें को नशे से होने वाले नुकसान बताए। उन्होंने युवाओं को शरीरिक, मानसिक, आर्थिक, सामाजिक एवं वित्तीय नुकसान के बारे में जानकारी दी, और युवाओं को नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने शिविर में मौजूद लोगों से आग्रह किया कि अगर वह किसी भी प्रकार की किसी लत का शिकार हैं तो वह उसको छोड़ सकते हैं। इसके लिए उन्हें आत्म विश्वास पैदा करना होगा। लत छुड़ाने में हम सहयोग करेंगे। डॉक्टर गिरीश ने कहा कि हम सबको मिलकर नशा मुक्त भारत का निर्माण करना है। शिविर में उनके साथियों ने नुक्कड़ नाटक पेश करते हुए युवाओं को नशे की लत लग जाने पर होने वाली समस्याओं को दर्शाते हुए शपथ दिलवाई। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों युवक एवं युवतियों, छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।