पुंछ। मेंढर पुलिस ने मंगलवार को तीन चोरों को धर दबोचा, जिनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ है। पकड़े गए चोरों की पहचान मोहम्मद मारूफ पुत्र मोहम्मद रफीक, इबरार अहमद पुत्र मोहम्मद खुर्शीद और मोहम्मद तौहसीफ कयूम पुत्र अब्दुल कयूम तीनों निवासी गांव गोल्द मेंढर के रूप में हुई है। चोरों के पास से एक लैपटॉप, छह हैडफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान मिला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को मेंढर बाजार में इरफान अहमद खान की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर चोरों ने धावा बोला। वारदात को अंजाम देते हुए उन्होंने लैपटॉप, नकदी और अन्य समान चुराया। पीड़ित ने मेंढर थाने में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। जिस पर कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ जहीर अब्बास जाफरी के निर्देश पर एसएचओ मंजूर अहमद कोहली ने मामले की जांच शुरू की। छानबीन में तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकारी। चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद कर लिया।