कठुआ। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेेकर ट्रैफिक पुलिस द्वारा की जा रही सख्ती के बाद अब परिवहन विभाग ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। लखनपुर में लगातार दूसरे दिन जारी कार्रवाई में ट्रैफिक पुलिस ने 34 वाहनों को सीज किया। वहीं परिवहन विभाग ने भी नाका लगाकार 18 वाहनों को सीज कर दिया है।
वीरवार को एसएसपी ट्रैफिक मोहन लाल कैथ की अगुवाई में दूसरे दिन भी जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने वाले 34 वाहनों को सीज किया गया। जिसमें 19 दोपहिया वाहन, 3 पिकअप, 3 कारें, 4 कैंटर, 3 ट्राला और 3 ट्रक शामिल हैं। वहीं एआरटीओ नीरज शर्मा की मौजूदगी में 18 वाहनों को सीज किया गया। इसमें 14 दोपहिया वाहन, 2 चार पहिया वाहन और 2 आटो शामिल रहे। लगातार दूसरे दिन लगने वाले इस नाके की खबर जैसे ही फैली तो बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के दौड़ने वाले वाहनों के पहिए थम गए। इस दौरान पंजाब की ओर से जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने वाले वाहनों का काफिला माधोपुर में लगा रहा। जबकि जम्मू की ओर से जाने वाने वाहन या तो हाईवे पर ही रुक गए या उन्होंने अपने सफर को स्थगित कर वापस जाना ही बेहतर समझा। इस मौके पर एआरटीओ ने बताया कि सड़क पर चलने वाले हर वाहन के लिए हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपनी सुरक्षा और परेशानी से बचने के लिए लोग वाहन को सड़क पर निकालने से पहले हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अवश्य लगवा लें।