कठुआ। त्योहारी सीजन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रवैया अख्तियार किया है। शुक्रवार को डीएसपी ट्रैफिक जावेद तबस्सुम की अगुवाई में पुलिस ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर नाके लगाकर नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई की। इन दोनों नाकों पर ट्रैफिक पुलिस ने 90 वाहन चालकों के चालान करते हुए 42 हजार रुपया जुर्माना वसूला है।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई के संबंध में डीएसपी जावेद तबस्सुम ने बताया कि त्योहारों के इस सीजन में शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। वहीं, वाहन चालकों को बार-बार चेतावनी के बावजूद उनमें यातायात नियमों के प्रति गंभीरता नही दिखाई जा रही है। शहर में ट्रैफिक नियमों के प्रति वाहन चालकों की ओर से लगातार बरती जा रही लापरवाही के कारण ट्रैफिक पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ रही है। ताकि सड़कों पर बढ़े यातायात को नियंत्रित रखा जा सके। उनकी कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को सुरक्षा प्रदान करना है। इसके लिए उनकी टीम लगातार काम कर रही है। शहर में जहां भी नाके लगाए जा रहे हैं, वहां उन्हीं वाहन चालकों के खिलाफ उन्हें कार्रवाई करनी पड़ रही है, जिन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नही पहनी थी या फिर वह कार चालक जिन्होंने कार चलाते समय सीट बेल्ट नही लगाई। अगर लोगों को पुलिस की कार्रवाई से बचना है तो उन्हें सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का ख्याल रखना ही होगा।