कठुआ। देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह की मुख्य आकर्षण परेड की रिहर्सल का क्रम शुरू हो गया है। मंगलवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला पुलिस के बैंड के साथ 31 टुकड़ियों ने अभ्यास किया। भीषण उमस भरी गर्मी के बावजूद रिहर्सल में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
डीएसपी डीआर सुखदेव सिंह की निगरानी में आयोजित रिहर्सल परेड में जिला पुलिस, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल और सीआरपीएफ के अलावा एनसीसी कैडेटों की 4 टुकड़ियों सहित स्कूली बच्चों ने परेड का जमकर अभ्यास किया। 3 चक्रों में हुई रिहर्सल के दौरान डीएसपी डीआर ने सभी प्रतिभागियों को परेड के दौरान अनुशासन को प्राथमिकता बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, इस मौके पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्ष पर आजादी का अमृत बनाया जा रहा है। इसी को देखते हुए इस बार जिले में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य स्वरूप देने की हर संभव कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में होने वाले समारोह के लिए 5 दिन परेड का अभ्यास किया जाता था। जबकि इस बार इसे बढ़ाकर 12 दिन किया गया है, ताकि परेड को और खूबसूरत बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस बार होने वाले समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए स्कूलों में बच्चों ने अपनी तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी हैं। वहीं, कोरोना संक्रमण की दर कम होने के कारण आम लोग भी समारोह का हिस्सा बन सकेंगे।