शाहपुर कंडी परियोजना: नौरा पुल का काम शुरू, वन्यजीव विभाग ने एक्सईएन को जारी किया नोटिस
वन्य जीव विभाग का कहना है कि नियमों की अवहेलना पर जवाब दिया जाए वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिना अनुमति वन और वन्यजीव क्षेत्र को नुकसान का आरोप। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता से मांगा गया है जवाब।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महत्वाकांक्षी शाहपुर कंडी राष्ट्रीय परियोजना के लिए पुल का निर्माण शुरू कराने पर कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) को वन्यजीव विभाग ने नोटिस जारी कर दिया है। लोक निर्माण विभाग पर आरोप है कि बिना अनुमति के नौरा पुल का काम शुरू कर दिया गया है। विभाग के अधिकारी से कहा गया है कि वे तीन दिन में इसका जवाब दें। संतोषजनक जवान न देने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
2715 करोड़ की शाहपुर कंडी परियोजना के डूब क्षेत्र में नौरा पुल भी आना तय है। इसके साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में पानी को बांध से डायवर्ट करने के लिए नहर का निर्माण किया जाना है। राशि जारी होने के बाद भी काम शुरू नहीं हो पाया है। इसी महीने जम्मू-कश्मीर बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई विभाग के प्रधान सचिव की ओर से शाहपुर कंडी परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक कर दो टूक निर्देश जारी किए गए थे कि परियोजना का काम जल्द से जल्द शुरू किया जाए। नहर के काम को लेकर दो दिन पहले ही डीसी कठुआ ने प्रभावितों के साथ बैठक की थी। उधर, वन्यजीव विभाग की ओर से वन्यजीव क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने के मामले में नोटिस जारी किया गया है।
वन्यजीव वार्डन विजय कुमार वर्मा ने बताया कि न तो शाहपुर कंडी बांध परियोजना और न ही बसंतपुर थीन सड़क विस्तारीकरण के बीच नौरा पुल को लेकर वन्यजीव क्लीयरेंस ली गई है। वर्ष 2020 में लोक निर्माण विभाग के तत्कालीन कार्यकारी अभियंता ने डूब क्षेत्र में आने वाली सड़क का जिक्र किया है जबकि यह भी लिखा गया है कि पुल की रिएलाइनमेंट का काम शाहपुरकंडी बांध प्रबंधन द्वारा करवाया जाना है।
रेंज अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार नौरा पुल के नजदीक जेसीबी लगी पाई गई। लोक निर्माण विभाग के जेई से पूछने पर पता चला है कि कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग कठुआ की ओर से नौरा पुल का काम शुरू करवाया गया है। वन और वन्यजीव क्षेत्र के 90 फुट बाई 25 फुट क्षेत्र को नुकसान पहुंचाते हुए समतल कर दिया गया है। यह सीधे तौर पर वन्यजीव संरक्षण, वन संरक्षण अधिनियम के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की भी अवहेलना है।
कारण बताओ नोटिस किया जारी
नौरा पुल का काम शुरू करवाया गया है। वन्यजीव विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मामला शाहपुर कंडी प्रंबधन के साथ उठाया जाएगा। यह काम शाहपुर कंडी बांध परियोजना का है और क्लीयरेंस उन्हीं की ओर से ली गई है। - विनोद कुमार, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग कठुआ।
क्या कहते हैं अधिकारी
करार के अनुसार पंजाब को शाहपुरकंडी बांध परियोजना के लिए जद में आने वाले ढांचों की राशि जम्मू-कश्मीर की निर्माण एजेंसी को जारी करनी है। इसका निर्माण वहीं की एजेंसी करवाएगी। परियोजना का निर्माण करवाने वाली एजेंसी को ही इसके लिए क्लीयरेंस लेनी चाहिए। नौरा पुल का निर्माण केंद्रीय गाइडलाइन के अनुसार 17 करोड़ की लागत से होना है। मंजूरी लगभग 11 महीने पहले दे दी गई थी। 35 लाख रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। - संदीप कुमार सलूजा, महाप्रबंधक, शाहपुर कंडी बांध परियोजना।