हीरानगर। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे परेशान छन्न रोड़ियां पंचायत के वार्ड 5 के लोगों ने बुधवार को विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा जल्द यहां नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो हाईवे पर धरना देंगे।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रोग्रेसिव आवाम मिशन के अध्यक्ष केआर रैना ने कहा कि एक सप्ताह से इस इलाके में बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। इसके बाद भी विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कई बार लोगों ने विभाग के अधिकारियों को अपनी समस्या की जानकारी दी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। बिजली आपूर्ति न होने के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आगे उन्होंने कहा कि जल्द इस ट्रांसफार्मर को बदल कर दूसरा नहीं लगाया गया तो लोगों को साथ लेकर जम्मू पठानकोट हाईवे पर धरना देंगे। इसके लिए विद्युत विभाग जिम्मेदार होगा। प्रदर्शन में राज कुमार, विजय कुमार, रामपाल, महेंद्र पाल, लाल देवी आदि भी शामिल रहे।