बिलावर। आईकॉनिक वीक के तहत सुकराला गांव में सोमवार को विशाल जागरण का आयोजन किया गया। पर्यटन विभाग की ओर से और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किए गए जागरण का शुभारंभ एडीसी बिलावर संदेश कुमार शर्मा और अन्य कई जनप्रतिनिधियों ने अखंड ज्योति जलाकर किया। जागरण में बिलावर, सुकराला सहित अन्य कई गांव से भक्त पहुंचे, जिन्होंने महामाई का गुणगान किया।
रात नौ बजे से शुरू हुए जागरण में गायकों ने खूब समां बांधा और जागरण का शुभारंभ गणपति के गुणगान के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक कोमल शर्मा, पायल डोगरा, सुरजीत पुरमंडलिया और मास्टर आशीष ने भक्तों का खूब मनोरंजन किया। गायकों ने अपनी आवाज का जादू बिखेर कर जागरण की शोभा को चार चांद लगाए। शिव पार्वती, महाकाली सहित अन्य कई देवी देवताओं की झांकियों को कलाकारों ने बखूबी प्रदर्शित किया। जैसे ही कलाकारों की ओर से मंच पर झांकियां प्रस्तुत की गई तो पूरे पंडाल में उपस्थित लोगों ने कलाकारों की कलाकारी को खूब सराहा और पूरा पंडाल तालियों की आवाज से गूंज उठा। गायकों ने एक से बढ़कर एक भजन गाकर पूरे पंडाल को नाचने पर विवश कर दिया। सुबह पांच बजे जागरण का समापन हुआ, जिसके बाद भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर्यटन विभाग के अधिकारी दुनीचंद भट्टी, तहसीलदार बिलावर पंकज शर्मा उपमंडल के कई इलाकों के जनप्रतिनिधि, पुलिस, बिजली विभाग और अन्य विभागों के कई मुलाजिम और कई इलाकों से आए लोग मौजूद रहे।