हीरानगर। छन्न खत्रियां में कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मिलने के बाद कूटा के लोगों ने गांव को आने वाले सभी रास्तों पर अपने तौर पर नाकाबंदी कर दी है, ताकि बाहर से आने वाला कोई भी व्यक्ति किसी भी रास्ते से गांव न पहुंच सके। ग्रामीणों ने गांव में अन्य इलाकों से सब्जी, दूध या अन्य जरूरी सामान बेचने आने वाले लोगों पर रोक लगा दी है। जब लोगों को दिक्कत आई तो गांव के युवाओं ने डोर-टू डोर सामान पहुंचाने की मुहिम शुरू कर दी। सरपंच रंजना देवी ने बताया कि छन्न खत्रियां गांव में एक कोरोना पॉजिटिव मामला आने के बाद कूटा गांव के लोगों ने फैसला लिया कि यहां बाहर से आकर किसी को भी सामान बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। घरों में रह रहे लोगों तक जरूरी सामान कैसे पहुंचाया जाए, इसे लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। स्थानीय युवाओं ने घर-घर जाकर जरूरी सामान पहुंचाने का जिम्मा उठाया। अब जिस परिवार को भी किसी चीज की जरूरत होती है तो युवा उसे पूरा करते हैं। निखिल सांगड़ा, टीनू सांगड़ा, गौरी जम्बाल, मोनू सांगड़ा, विशाल, सौरभ, रोहित आदि युवा इस मुहिम में सहयोग कर रहे हैं।