कठुआ। आम आदमी पार्टी की ओर से जिले के विभिन्न इलाकों में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर पदयात्रा निकाली गई। आप के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर के शहीदी चौक से मुखर्जी चौक तक पदयात्रा निकालते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद मुखर्जी चौक पर धरना देते हुए सरकार को जन विरोधी नीतियों के लिए जमकर कोसा। कार्यकर्ताओं ने सरकार को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई रोकने में नाकाम बताया।
आम आदमी पार्टी के नेता एसके भंडारी ने कहा कि भाजपा जम्मू-कश्मीर के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में सभी मोर्चों पर विफल रही है। कहा कि सरकारी विभागों से लेकर आम लोग सड़कों पर धरना देने को मजबूर हो गए हैं। आम आदमी आज अपनी आजीविका के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार अनुच्छेद 370 और 35-ए के निरस्त होने के बाद जम्मू-कश्मीर में विकास के लंबे-चौड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कथित तौर पर विपरीत है। उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई सबसे ऊपर है, जो जम्मू-कश्मीर के हर नागरिक का जीवन दयनीय बना रही है। पूरे भारत में बेरोजगारी चरम पर है जबकि जम्मू-कश्मीर में स्थिति सबसे खराब है। उन्होंने कहा कि केवल आम आदमी पार्टी ही जम्मू-कश्मीर के युवाओं को रोजगार दे सकती है। केवल आम आदमी पार्टी ही सभी विभागों के डेली वेजरों, एनवाईसी, एसपीओ, अस्थायी लेक्चरर्स, होमगार्ड, एनएचएम कर्मचारियों, मनरेगा कर्मचारियों, पीएम पैकेज कर्मचारियों, डेंटल सर्जन और विभिन्न अन्य अनियमित श्रमिकों के मुद्दों को हल करेगी। उन्होंने कहा कि आप ने दिल्ली और पंजाब में अपना वादा पूरा करके दिखाया है, जहां उन्होंने सरकार बनाने के कुछ दिनों के भीतर सभी दिहाड़ी मजदूरों को नियमित कर दिया है। आश्वासन दिया कि एक बार जम्मू-कश्मीर में सत्ता में आने के बाद आम आदमी पार्टी विभिन्न सरकारी विभागों में हजारों रिक्त पदों को तुरंत भर देगी जबकि निजी क्षेत्रों में हजारों नई नौकरियां पैदा होंगी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों से विशेष रूप से युवाओं से लोगों के अनुकूल और रोजगार पैदा करने वाली सरकार के लिए आप में शामिल होने की अपील की।