बसोहली। पर्यटन विभाग के महादेरा त्रिलोचन नाथ मंदिर के पास रंजीत सागर झील से सटे व्यू प्वाइंट की हालत बदतर होती जा रही है। यहां सफाई न होने और मार्ग पर झाड़ियां बिछी होने से अब पर्यटक भी आने से तौबा करने लगे हैं। विभाग ने इस व्यू प्वाइंट की दशा सुधारने के लिए वर्षों से कोई कदम नहीं उठाया है। स्थानीय युवा ही अपने स्तर पर कई बार इस मार्ग को साफ कर चुके हैं।
दस साल पहले इस व्यू प्वाइंट का निर्माण हुआ था। यहां से अटल सेतु, रंजीत सागर झील के मनमोहक नजारे देखे जा सकते हैं, वहीं इस व्यू प्वाइंट से एक रास्ता टूरिज्म रिसेप्शन सेंटर से होते हुए वोटिंग प्वाइंट की ओर भी जाता है, लेकिन मार्ग में उगी झाड़ियों और उखड़ी टाइलों के बीच यहां पर्यटक आना पसंद नहीं करते, जो शेष बचे लोग यहां आते भी हैं वे भी इस गंदगी के लिए विभाग को कोसते हैं।
स्थानीय युवा अकिंत शर्मा, हेवत कपूर, मंजीत सिंह ने बताया कि प्रशासन को इस व्यू प्वाइंट की हालत सुधारने के लिए कदम उठाने चाहिए, लेकिन अधिकारी इसके लिए गंभीर नहीं हैं। उन्होंने पर्यटन विभाग के इंचार्ज, सीओ और एडीसी अजीत सिंह से मांग की है कि इस स्थान पर सफाई की जाए, ताकि पर्यटकों की आमद बढ़े और व्यू प्वाइंट बनाने के लिए सरकार ने जो करोड़ों रुपये खर्च किए हैं, उसका लाभ लोगों को मिल सके।