कठुआ। कठुआ में रोड शो के दौरान पुलिस अधिकारी से दुर्व्यवहार के आरोप में कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी लाल सिंह के खिलाफ थाना कठुआ में मामला दर्ज किया गया है।
थाना कठुआ में दर्ज एफआईआर के मुताबिक औद्योगिक एस्टेट पुलिस चौकी के प्रभारी ने लिखित शिकायत दी थी। इसमें उपनिरीक्षक स्वर्ण सिंह मन्हास ने बताया कि 16 अप्रैल को रोड शो के दौरान कठुआ के कालीबड़ी चौक पर वह अन्य अधिकारियों के साथ आधिकारिक ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान चौधरी लाल सिंह ने बदनाम करने के इरादे से उन पर व अन्य तैनात पुलिस अधिकारियों पर चिल्लाना शुरू कर दिया। उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि उक्त उम्मीदवार की ओर से असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया गया। इससे उनके साथ-साथ पुलिस संगठन की प्रतिष्ठा भी ठेस पहुंची है। औद्योगिक एस्टेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक स्वर्ण सिंह मन्हास की लिखित शिकायत के बाद मंगलवार को कठुआ पुलिस स्टेशन में चौधरी लाल सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। चौधरी के खिलाफ धारा 353 (हमला या आपराधिक बल का उपयोग करके एक लोक सेवक के कर्तव्य में बाधा), धारा 500 (मानहानि), धारा 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) और धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना कठुआ प्रभारी इंस्पेक्टर अजय सिंह चिब ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।