{"_id":"74a20a27ae631e8a22b65b76fd486007","slug":"encounter-continue-in-the-valley","type":"story","status":"publish","title_hn":"घाटी में सुरक्षा बलों और घुसपैठियों में मुठभेड़ जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
घाटी में सुरक्षा बलों और घुसपैठियों में मुठभेड़ जारी
अमर उजाला, श्रीनगर
Updated Fri, 04 Oct 2013 12:04 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुपवाड़ा के केरन सेक्टर के शाला भाटा गांव और आसपास के इलाकों में घुसपैठियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ बृहस्पतिवार को भी जारी रही। पाक की बार्डर एक्शन टीम के जवानों और आतंकियों ने खाली मकानों में कब्जा कर रखा है।
विज्ञापन
घुसपैठिये भारी मात्रा में गोला-बारूद का इस्तेमाल कर रहे हैं। घुसपैठियों के कब्जे वाले गांव को सुरक्षा बलों ने पूरी तरह घेर लिया है। इस बीच गांव के पास नियंत्रण रेखा पर भी पाक सेना की तरफ से फायरिंग की जाने की सूचना है। सूत्रों की माने तो घुसपैठियों के संपर्क पाकिस्तानी सेना से लगातार बने हुए हैं।
विज्ञापन
सैन्य प्रवक्ता नरेश बिज ने बताया कि आतंकियों की तरफ से फायरिंग जारी है। भारतीय जवान मुस्तैदी से उनका सामना कर रहे हैं। इस बीच दूसरे इलाकों में सर्च ऑपरेशन के लिए सेना हेलीकाप्टर का इस्तेमाल कर रही है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को रुक-रुक कर फायरिंग और गोलाबारी होती रही। फिलहाल, किसी घुसपैठिये का शव कब्जे में नहीं लिया जा सका है। जंगलों की निगहबानी के लिए हेलीकाप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में बड़े पैमाने पर घुसपैठ के बाद वीरान पड़े शाला भाटा गांव को आतंकियों ने अपनी पनाहगाह बना ली थी। घुसपैठियों में पाक की बार्डर एक्शन टीम के जवानों को भी देखे जाने से हड़कंप मच गया था।
आतंकियों और पाक जवानों की संयुक्त घुसपैठ के बीच पाक फौज की तरफ से एलओसी पर भी फायरिंग शुरू कर दी गई थी। शाला भाटा गांव में कब्जे के बाद घुसपैठिये सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर रहे हैं। भारतीय सेना ने पूरे इलाके को घेर लिया है।
सुरक्षा बलों को चकमा देकर आतंकी फरार
शहर के बाहरी अहमद नगर इलाके में बुधवार रात गोलीबारी के बीच लश्कर-ए-ताइबा का एक आतंकी कमांडर सुरक्षा बलों को चकमा देकर भाग निकला। इस घटना में आठ पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। पुलिस को अहमद नगर इलाके के एक घर में आतंकी कमांडर अबु हरूरा के छिपे होने की सूचना मिली थी।
इसके बाद पुलिस के विशेष कार्यबल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 23 बटालियन व अन्य सुरक्षा बलों के संयुक्त दल ने क्षेत्र को घेर लिया। घर में पनाह लिए आतंकी ने खुद को घिरा देख जवानों पर हथगोला फेंका और गोलीबारी कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी भी हुई, जो देर रात तक जारी रही। आवासीय क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा बलों ने काफी सतर्कता बरती।
सूत्रों के मुताबिक, लश्कर का कमांडर सुबह करीब तीन बजे कपड़ों को खिड़की से बांधकर मकान से नीचे उतरा और अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। बृहस्पतिवार को पुलिस प्रवक्ता ने गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी समेत कुल आठ सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। इस बीच घटनास्थल से फरार हुए आतंकी की तलाश दिन में भी जारी रही।
सेना शिविरों को किया गया अलर्ट
सांबा स्थित सैन्य शिविर पर आतंकी हमले के बाद सेना ने तमाम कैंपों को अलर्ट जारी किया है। बताया जाता है कि आतंकियों का मुख्य निशाना सैन्य शिविर होने के कारण सेना अधिकारी कोई ढील नहीं बरतना चाहते। सैन्य शिविरों में अब प्रवेश के लिए तमाम औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ रही है। साथ ही शिविरों में आने वाले लोगों पर खास नजर रखी जा रही है। इतना ही नहीं, सैन्य शिविरों के अंदर या पास स्थित स्कूलों पर भी चौकसी बरती जा रही है।