Rajasthan: पिस्टल के बल पर बाप-बेटे से सवा दो लाख रुपये की लूट, रुपये से भरा बैग छीनकर बदमाश हुए फरार
बाप-बेटे बाजार से घर लौट रहे थे। तभी बदमाश आए और उनसे रुपये भरा दो बैग छीन लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में खंगालने में जुट गई है।
विस्तार
जयपुर में सवा दो लाख रुपये की लूट हो गई। प्रागपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम परचून के व्यापारी संदीप ग्रोवर और उसके बेटे से सवा दो लाख रुपये से भरे दो बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार व्यापारी संदीप ग्रोवर और उसका बेटा पावटा बाजार से दुकान बंद करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर बदमाश आए और व्यापारी और उसके बेटे की कनपटी पर बंदूक लगा दिया। फिर डरा-धमकाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
सूचना पर डीवाईएसपी डॉ. संध्या यादव और थानाधिकारी किरण सिंह सहित भारी पुलिस जाब्ता पहुंचा है और जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर नाकबंदी करवा दी गई है।