Covid 19 Bulletin: 31 मार्च 2020 का कोरोना अपडेट, दिनभर की पांच बड़ी खबरें
देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। मंगलवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या 1397 पहुंच गई। इसी के साथ देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 35 हो गई है। यहां पढ़ें देश में कोरोना से जुड़ी 31 मार्च 2020 की पांच बड़ी खबरें...
विस्तार
विदेशी तबलीगी जमात कार्यकर्ताओं पर प्रतिबंध
दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के मुख्यालय में कई लोगों के कोरोना संक्रमित होने के बाद अब केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। वीजा नियमों व शर्तों को तोड़ने पर सरकार ने विदेशी तबलीगी जमात कार्यकर्ताओं के भारत आने पर रोक लगा दी है। इन्हें फिलहाल पर्यटक वीजा नहीं मिलेगा। किसी भी विदेशी को भारत आकर तबलीगी गतिविधियों में शामिल होने की इजाजत नहीं होगी।
पढ़ें पूरी खबर
तमिलनाडु में 45 संक्रमित
दिल्ली में आयोजित हुए तबलीगी जमात कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों में से 24 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इतनी बड़ी मात्रा में जमात में मौजूद लोगों में संक्रमण की पुष्टि से पूरे देश में हड़कंप मच गया है। तमिलनाडु की स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने जानकार दी है कि तमिलनाडु के 45 लोग जो दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुए थे, उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
इंदौर सबसे प्रभावित शहरों में पांचवें नंबर पर
मध्यप्रदेश के इंदौर में लगातार कोरोना वायरस के नए मामले सामने आ रहे हैं। कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या की वजह से इंदौर भारत के सबसे प्रभावित शहरों में पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है। सबसे पहले नंबर पर केरल का कासरगोड है।
कोरोना वायरस: पांच सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में शामिल हुआ इंदौर, 44 हुई मरीजों की संख्या
जम्मू-कश्मीर में तलाश तेज
राजधानी दिल्ली में निजामुद्दीन दरगाह पर हुए धार्मिक जलसे में शामिल जम्मू कश्मीर के लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। सरकार ने ऐसे 855 लोगों की सूची तैयार की है जो या तो निजामुद्दीन के धार्मिक जलसे में शामिल हुए हैं या फिर शामिल होने वाले लोगों के संपर्क में हैं। जम्मू में ऐसे छह लोगों को चिह्नित कर क्वारंटीन किया गया है।
निजामुद्दीन मरकज में गया कश्मीरी 19 दिन तक देश में घूमता रहा, 855 लोगों की सूची तैयार
रोज गर्म पानी का करें सेवन
देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच आयुष मंत्रालय ने शरीर की रोग प्रतिरोधी क्षमता (Immunity) बढ़ाने के लिए कुछ उपाय अपनाने का सुझाव दिया है। मंत्रालय ने कहा है कि शरीर की रोग प्रतिरोधी क्षमता बढ़ाने के लिए लोगों को रोज गर्म पानी पीना चाहिए और कम से कम आधे घंटे का समय योग करने के लिए देना चाहिए। इसके अलावा जिन मसालों को हम लंबे अरसे से अपने खाने में इस्तेमाल करते आ रहे हैं, उनका अपने भोजन में उपभोग करने की सलाह दी है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ये उपाय कोरोना की बीमारी में उपचार के तौर पर नहीं दिए जा रहे हैं, बल्कि इनको अपना कर शरीर की क्षमता बढ़ाई जा सकती है।
पढ़ें पूरी खबर